महिला को सरेआम पीटा, आरोपी गिरफ्तार
पाकुड़िया(पाकुड़) : थाना क्षेत्र के सोरला गांव निवासी गनी शेख ने गांव के ही अंजरा बीबी को बाल पकड़कर जम
पाकुड़िया(पाकुड़) : थाना क्षेत्र के सोरला गांव निवासी गनी शेख ने गांव के ही अंजरा बीबी को बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और सरेआम उसकी पिटाई कर दी। इससे अंजरा बेहोश हो गयी। बेहोशी की हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना मंगलवार सुबह की है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता ने थाना में गनी शेख के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पीड़िता ने बताया कि वह गांव के नजदीक बसंतपुर गांव स्थित चापाकल में पानी लाने जा रही थी। उसी क्रम में गनी शेख ने उसे यह कहकर चापाकल जाने से मना किया कि वह रास्ता उनका है। इस रास्ते से आना-जाना नहीं करें। महिला ने इसका विरोध करते हुए चापाकल की ओर बढ़ने लगी। इसी बीच गनी ने महिला का बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया तथा लात-मुक्का से मारने लगा। इससे महिला घटना स्थल पर ही बेहोश हो गयी। परिजनों ने महिला को बेहोशी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने के बाद पीड़िता ने पुलिस को आपबीती सुनाई। इलाज करने वाले चिकित्सक डॉ. नवल कुमार ने बताया कि महिला को छाती व जांघ में गंभीर चोट है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।