सड़क हादसों में महिला की मौत, तीन जख्मी
जागरण टीम, पाकुड़ : अमड़ापाड़ा और महेशपुर में दो अलग-अलग सड़क हादसे में एक महिला मजदूर की मौत हो गई जबक
जागरण टीम, पाकुड़ : अमड़ापाड़ा और महेशपुर में दो अलग-अलग सड़क हादसे में एक महिला मजदूर की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
अमड़ापाड़ा : थाना क्षेत्र के पोचईबेड़ा करम टोला के समीप सोमवार को ट्रैक्टर दुर्घटना हो जाने से उसपर सवार पलियादाहा गांव निवासी रूपा मुर्मू (24) नामक महिला मजदूर की मौत हो गई। जबकि दुर्घटना में घायल तुलसिला मुर्मू और सुनीता सोरेन को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। इसकी सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर काफी तेज गति से जा रहा था। उसमें पलियादाहा गांव के चार मजदूर सवार थे। ट्रैक्टर तेज गति में रहने के कारण करमटोला के समीप असंतुलित होकर पलट गया। इससे रूपा की मौत घटना स्थल पर हो गई। घायल तुलसिला मुर्मू और सुनीता सोरेन का प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक प्रेम मरांडी ने बताया कि दोनों की स्थिति काफी गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बंगाल रेफर कर दिया गया है। ट्रैक्टर बासमती गांव निवासी मो. मुस्तकीम का बताया जाता है। पुलिस निरीक्षक नरेंद्र पासवान ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
महेशपुर : महेशपुर-अमड़ापाड़ा पथ पर स्थित रोलाग्राम चौक के निकट ट्रैक्टर ने साइकिल सवार को पीछे से धक्का मार दिया। इससे साइकिल सवार युवक हाबुल यादव (24) गंभीर रूप से जख्मी हो गया। ग्रामीणों ने घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉ. रवींद्रनाथ ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।