कैरो में युवती का अधजला शव बरामद
कैरो (लोहरदगा) : कैरो थाना क्षेत्र के हुदू-गितिलगढ़ के नाली से कैरो थाना पुलिस ने सोमवार की सुबह अधज
कैरो (लोहरदगा) : कैरो थाना क्षेत्र के हुदू-गितिलगढ़ के नाली से कैरो थाना पुलिस ने सोमवार की सुबह अधजली अवस्था में एक युवती का शव बरामद किया है। शव को कब्जे में लेने के बाद स्थानीय पुलिस उसकी शिनाख्त कराने में जुटी लेकिन किसी ने उसकी पहचान नहीं की तो शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। कैरो थाना पुलिस ने हुदू गांव के चौकीदार जीतन उरांव के बयान पर इस मामले में भादवि की धारा 302, 201, 34 के तहत अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध कैरो थाने में कांड संख्या 01/17 दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बताया जाता है कि सोमवार की सुबह किसानों ने हुदू-गितिलगढ़ पथ में नाली में अज्ञात युवती का अधजली अवस्था में शव को देखा। जिसके बाद इसकी सूचना हुदू गांव के चौकीदार जीतना उरांव को दी। जिसके बाद चौकीदार ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी से कैरो थाना पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलने के साथ ही दल-बल के साथ कैरो थाना प्रभारी रामकृष्ण उपाध्याय ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। साथ ही घटना स्थल पर साक्ष्य जुटाने का प्रयास भी किया। उन्होंने इस मामले में पूरे क्षेत्र की पड़ताल करते हुए गहन जांच की। थाना प्रभारी का कहना है कि प्रथम ²ष्टया युवती का उम्र लगभग 20 वर्ष के आसपास लगती है। घटना स्थल से मोटरसाइकिल की चाबी मिली है। जिससे ऐसा लगता है कि युवती हत्या किसी दूसरे स्थान पर करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से यहां लाकर शव को जला दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह पुलिस के लिए चुनौती है। हत्यारे को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मृत युवती की शिनाख्त करने के साथ पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुट गई है।