Move to Jagran APP

दिल्ली से ही हो सकती है झारखंड में हुकूमत : बाबूलाल

लोहरदगा : झारखंड विकास मोर्चा के सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भाजपा पर जमकर हमला ब

By Edited By: Published: Tue, 19 May 2015 06:21 PM (IST)Updated: Tue, 19 May 2015 06:21 PM (IST)

लोहरदगा : झारखंड विकास मोर्चा के सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भाजपा पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा को जनता विरोधी बताया है। श्री मरांडी ने कहा है कि अच्छे दिन का सपना दिखाने वाले नरेन्द्र मोदी और भाजपा सिर्फ मीडिया में ही अच्छे दिन दिखा रहे हैं। धरातल पर कुछ भी नजर नहीं आ रहा है। काला धन वापस लाने का वादा तो किया था, परंतु मोदी को विदेश यात्रा से फुर्सत मिले तभी तो जनता से किया वादा पूरा करें। श्री मरांडी मंगलवार को न्याय यात्रा कार्यक्रम के तहत नगर भवन में झाविमो कार्यकर्ताओं और आम लोगों से रूबरू थे। उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसान, मजदूर और झारखंड के शिक्षित बेरोजगार नौजवानों के लिए है। यहां के युवाओं को भाजपा ने वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। भाजपा ने यह साबित कर दिया कि झारखंड में हुकूमत दिल्ली से ही हो सकती है। भाजपा कानून को अपनी मुट्ठी में रखने का प्रयास कर रही है। केंद्रीय महासचिव सुनील साहु ने कहा कि भाजपा नेताओं ने कई प्रकार के प्रलोभन देकर बाबूलाल मरांडी को भाजपा में शामिल करने का प्रयास किया परंतु बाबूलाल मरांडी ने स्पष्ट कह दिया कि मेहनतकश मजदूर व किसानों के साथ हैं। झारखंड को उखाड़ने की साजिश करनेवालों का साथ नहीं देंगे। बिरेंद्र भगत ने कहा कि नेता पार्टी छोड़े हैं, पार्टी ने नेताओं को नहीं छोड़ा है। सभी स्थानों पर कार्यक्रम सफल रहा है। मोहिबुल्लाह अंसारी ने कहा कि पार्टी में कोई कमी नहीं आई है। नए कार्यकर्ता संगठन से जुड़ रहे हैं। जनता राष्ट्रीय पार्टियों से ऊब चुकी है। कार्यक्रम में दो दर्जन कार्यकर्ताओं ने झाविमो की सदस्यता ग्रहण की। मौके पर सरवर अंसारी, बालमुकुंद लोहरा, रिजवान खलीफा, धनेश लोहरा, सुनील साहु, अर्जुन टोप्पो, श्रवण तिर्की, उपेन्द्र सिंह, विशुन प्रजापति, आशिक अंसारी आदि मौजूद थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.