बालक की मौत के बाद गांव में शोक की लहर
भंडरा (लोहरदगा) : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत के पैतृक गांव जमगांई में शनिवार को भूकंप के
भंडरा (लोहरदगा) : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत के पैतृक गांव जमगांई में शनिवार को भूकंप के कारण पहाड़ से गिरकर बालक की मौत की घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जमगांई टोंका टोली निवासी बेलस कोया के पुत्र समर्पण कोया (11) की मौत से परिजन शोकाकुल हैं। चार भाई-बहनों में तीसरे स्थान पर समर्पण न सिर्फ पढ़ने में तेज था बल्कि मवेशियों की चरवाही कर अपने माता-पिता का सहयोग भी करता था। वह शनिवार को मवेशियों को लेकर जमगांई पहाड़ गया हुआ था। इसी दौरान वह भूकंप से नीचे गिर गया। जिसके बाद उसे गंभीर हालत में रांची ले जाया जा रहा था, परंतु रास्ते में ही समर्पण की मौत हो गई। समर्पण की मां करुणा कोया रोजगार की तलाश में ईट भट्ठा गई हुई थी, जो पुत्र की मौत का समाचार सुनकर रविवार को लौटी। घटना की जानकारी मिलने पर भंडरा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी ने रविवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया। भंडरा जिप सदस्य सामिल उरांव, मुखिया धनेश्वरी देवी, अंचल निरीक्षक कमलकांत वर्मा ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर प्रावधान के अनुसार सहायता देने की बात कही। वहीं जिप सदस्य ने तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। अंचलाधिकारी प्रकाश कुमार ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आपदा प्रबंधन से मुआवजे को ले प्रक्रिया शुरू की जाएगी।