भाजपा सरकार में महंगाई बेलगाम
कैरो (लोहरदगा) : प्रखंड मुख्यालय स्थित डा. अनुग्रह नारायण उच्च विद्यालय के सभागार में बुधवार को प्रखंड कांग्रेस कमेटी की बूथ स्तरीय बैठक प्रखंड अध्यक्ष खलील अंसारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें आगामी विधान सभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। मौके पर केंद्रीय पर्यवेक्षक अमित कुमार टुन्ना ने कहा कि पंचायत से लेकर प्रखंड, जिला एवं प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता समन्वय स्थापित कर संगठन हित के लिए बेहतर कार्य करें। कार्यकर्ताओं के प्रयास से ही आगामी विधानसभा चुनाव में लोहरदगा सीट से कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में बूथ कमेटी को पहले से सशक्त करने की जरूरत है। कांग्रेस के लोहरदगा जिला प्रभारी ज्योति सिंह मथारू ने कहा कि आगामी विस चुनाव में कांग्रेस अपनी खोई सीट को किसी भी हाल में वापस लाएगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं को समर्पण भाव से काम करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची में छूटे हुए मतदाताओं के नाम को जोड़ने का प्रयास करें। साथ ही कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। मौके पर सुखैर भगत, शाहिद अहमद बेलू, खलील अंसारी, जयनाथ साहु, जफर खान, सदरुल अंसारी, अनुज साहु, अनीस अहमद, बुधवा उरांव, विवेक प्रजापति, प्रतिभा देवी, स्नेहलता कुजूर, एतवा पाहन, अख्तर अंसारी, उमेश महतो, जोरावर खान मोहम्मद सज्जाद, इमामुल अंसारी, धनपत उरांव आदि मौजूद थे।