पारा 45 पार, पंखा-कूलर सब हुआ बेकार
झुमरीतिलैया : गर्मी की तल्खी बनी हुई है। उमस भरी गर्मी पसीना से तरबतर कर देती है लोगों को। लगातार पाचवें दिन लोग गर्मी से उफ करते रहे। बुधवार को पारा बढ़ने व उमस के कारण स्थिति यह है कि पंखे, कूलर व एसी की हवा से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। लोग पसीने से तरबतर होकर त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। दिन के 9 बजे के बाद धूप बर्दाश्त से बाहर हो गया है। तीखी धूप के कारण घरों से निकलना तो मुश्किल हो रहा है। वहीं घरों में लगे पंखे की हवा से शरीर को राहत नहीं मिल रही है। जिले के उच्च विद्यालय के विद्यार्थी दिन 11 बजे की छुट्टी के बाद अपने घर पहुंचते-पहुंचते आकुल -व्याकुल होने लगते हैं। गर्मी के कारण बसों एवं ट्रेनों में चलनेवाले यात्रियों का भी हाल बेहाल है और सभी को मानसून का इंतजार है। बहरहाल अभ्रकांचल क्षेत्र के झुमरीतिलैया, कोडरमा, जयनगर, डोमचांच, सतगावां आदि इलाकों में अभी तक गर्मी से किसी के मरने की सूचना तो नहीं है, लेकिन डायरिया का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। निजी क्लिनिकों एवं सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।
सड़कों पर पसरा रहता है सन्नाटा
झुमरीतिलैया: भीषण गर्मी से शहर व ग्रामीण इलाकों के सड़कों पर दिन 10 बजे के बाद से सन्नाटा पसरा रहता है। वैसे ही लोग सड़क पर नजर आते हैं जिन्हें अपने आवश्यक कार्य निपटाने होते हैं। कोडरमा में 6 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री, 7 को 39.2 डिग्री, 8 को 40 डिग्री, 9 को 42 डिग्री, 10 को 43.8 डिग्री तथा 11 को लगभग 45 डिग्री रहा।
भीषण गर्मी से लोग परेशान
मरकच्चो (कोडरमा): भीषण गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। तापमान 45 डिग्री से पार चला गया है। लू के कारण प्रखंडवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। झुलसा देने वाली गर्म हवाओं के झोंकों ने लोगों का रात की नींद और दिन का चैन उड़ा दिया है। सुबह 9 बजे से ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है जो शाम 5-6 बजे तक जारी रहता है। ऐसे मौसम में बिजली के आंखमिचौनी से लोग काफी परेशान हैं। घर में लगे पंखा, कूलर आदि शोभा की वस्तु बन गई है। ऐसी हालत में सबसे बड़ी समस्या लोगों के समक्ष पेयजल की समस्या बन गई है।