कुएं में कूदकर बचाई हाथियों से जान
संवाद सूत्र, तोरपा : प्रखंड के निचितपुर गांव में हाथियों से बचने के लिए एक युवक को कुएं में छलांग लग
संवाद सूत्र, तोरपा : प्रखंड के निचितपुर गांव में हाथियों से बचने के लिए एक युवक को कुएं में छलांग लगानी पड़ी। हालांकि, इस प्रयास में युवक घायल हो गया, बाद में ग्रामीणों ने उसे कुएं से निकालकर तोरपा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार निचितपुर निवासी मनोज भोक्ता अपने खेत में उड़द की फसल उखाड़ रहा था। उसके साथ गांव का एक अन्य युवक गइलु प्रधान भी था। इसी बीच एक हाथी उड़द खाने पहुंच गया। वह दोनों युवकों को दौड़ाने लगा। गइलु ने किसी तरह कुएं में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। जबकि मनोज भागने के क्रम में गिरकर चोटिल होकर बेहोश हो गया। इसी बीच शोर सुनकर ग्रामीणों को देख हाथी वहां से चला गया। सूचना पर पहुंचीं मुखिया सुशाति कोनगाड़ी ने वन विभाग से भी मुआवजा व हाथियों को भगाने की मांग की।