चुनौतियों पर विजय प्राप्त करें
जामताड़ा : शिक्षा के क्षेत्र में काफी चुनौतियां हैं। लेकिन इसके बगैर जीवन का कोई मायने नहीं। इसलिए आप चुनौतियों से घबराए नहीं बल्कि इस पर विजय प्राप्त करने का प्रयास करें। यह कहना था जिले के उपायुक्त चन्द्रशेखर का। वे शनिवार को अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा आयोजित शिक्षक सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बच्चों में समाजिकता एवं नैतिकता की सोच भरने की जवाबदेही शिक्षकों की है, इसे तो चुनौती के रूप में लें। पहले संसाधन के अभाव में शिक्षा देना चुनौती रहा करती थी और आज संसाधन बढ़े हैं तब भी चुनौती है।
जिला शिक्षा अधीक्षक सियावर प्रसाद एवं संघ के प्रदेश महासचिव राममूर्ति ठाकुर ने भी प्राथमिक शिक्षा में चुनौतियां और प्रतिबद्धता पर विचार दिये। शिक्षा को समाज, राज्य एवं राष्ट्र के विकास की पहली सीढ़ी बताते हुए वर्तमान प्राथमिक शिक्षा की स्थिति पर रोशनी डाली। सम्मेलन में संघ के द्वारा जिले के टॉप छात्रों, भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2011 के टॉपर्स छात्र एवं शिक्षक को सम्मानित किया गया।
यहां बालिका उच्चविद्यालय की छात्राओं ने इस अवसर पर गीत प्रस्तुत कर सबों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच संचालन संघ के जिला प्रवक्ता एसएम इमाम कर रहे थे। जबकि सम्मेलन में संघ के जिलाध्यक्ष बाल्मिकी कुमार, क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी छविलाल साह, प्रदीप चौधरी, संतोष कुमार, हरे कृष्ण शर्मा, सुनील सिंह, राजीव लोचन आदि के अलावा संघ के रांची, दुमका, देवघर, गोड्डा, गिरिडीह, धनबाद आदि जिले से आए संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर