होटल में डॉक्टर ने प्रेमिका का गला घोंटा, ट्रॉली बैग में छोड़ा शव
चिकित्सक मिर्जा ने आदित्यपुर स्थित मेडिट्रिना अस्पताल की मैनेजर (ऑपरेशन) चयनिका कुमारी की हत्या कर दी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। कोलकाता के चिकित्सक मिर्जा रफीक हक ने शुक्रवार शाम आदित्यपुर स्थित मेडिट्रिना अस्पताल की मैनेजर (ऑपरेशन) चयनिका कुमारी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए वह बिष्टुपुर बाजार गया। वहां से ट्राली बैग खरीद होटल लौटा। इसके बाद शव को ट्राली बैग में भर दिया। फिर ऑटो वाले को होटल बुलाया। उसमें बैग रखकर टाटानगर स्टेशन पहुंचा। स्टेशन की पार्किंग के समीप बैग को रखकर वापस होटल लौट आया।
पुलिस ने आरोपी चिकित्सक को होटल से शनिवार सुबह 10 बजे गिरफ्तार कर लिया। घटना बिष्टुपुर के जिंजर होटल के कमरा संख्या 201 में हुई। जहां स्टील की चेन से गला घोंटकर वारदात को अंजाम दिया गया। चयनिका कदमा थाना क्षेत्र के अशोक पथ स्थित मारिया अपार्टमेंट के सी-टू फ्लैट में रहती थी। वह माता-पिता की इकलौती संतान थी। दो नवंबर को उसने प्रेमी के साथ ही जन्मदिन सेलिब्रेट किया था।
बीएम बिड़ला अस्पताल में कार्यरत है आरोपी चिकित्सक
हत्यारोपी चिकित्सक ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह बीएम बिड़ला अस्पताल, कोलकाता में आरएमओ पद पर कार्यरत है। चयनिका से उसका तीन वर्ष से प्रेम संबंध था। कोलकाता में चयनिका उसके साथ ही आइएलएस अस्पताल में काम करती थी। वह 31 अक्टूबर से होटल में ठहरा हुआ था। एक नवंबर से लगातार चयनिका उससे मिलने होटल आती थी। शुक्रवार शाम होटल के कमरे में ही उसने चयनिका की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया।
लावारिस बैग मिलने से मची थी अफरातफरी
शुक्रवार देर रात स्टेशन के पास एक लावारिस बैग मिलने से अफरातफरी मच गई थी। पुलिस मौके से बैग बरामद कर ले गई। शनिवार तड़के चार बजे पुलिस अधिकारियों ने ट्राली बैग को खोला तो उसमें एक युवती का शव निकल। बैग के भीतर ही मेडिट्रिना अस्पताल का पहचान पत्र, मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड और दूसरे कागजात मिले। मृतका की पहचान बैग से बरामद पहचान पत्रों से की गई थी।
शुक्रवार की शाम से थी लापता
पुलिस ने मेडिट्रिना अस्पताल का पहचान पत्र मिलने पर इसकी जानकारी अस्पताल के क्लस्टर हेड अमिताभ कुमार को जानकारी दी। अमिताभ कुमार ने चयनिका के पिता अरुण कुमार समेत परिवार वालों को घटना से अवगत कराया। सभी उस स्थान पर पहुंचे, जहां बैग रखा गया था। परिवार वालों ने बताया कि चयनिका कुमारी का शुक्रवार शाम सात बजे से कोई अता-पता नहीं चल रहा था। मोबाइल बज रहा था, लेकिन वह रिसीव नहीं कर रही थी।
धर्म-परिवर्तन के लिए पुत्री तैयार नहीं हुई तो कर दी हत्या : पिता
जमशेदपुर : चयनिका के पिता अरुण कुमार टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। पुत्री की हत्या पर उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा लग रहा है कि हत्यारे ने पुत्री पर धर्म-परिवर्तन का दबाव बनाया होगा। ऐसा करने से इन्कार करने पर पुत्री की हत्या कर दी गई।
---
यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और हम मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें पूरा सहयोग देने के लिए तत्पर हैं। हम अपने मेहमानों की भलाई चाहते हैं और इस मामले की छानबीन करने वाले अधिकारियों को भरपूर सहयोग करेंगे।
- प्रबंधन, होटल जिंजर