पारा शिक्षकों को 24 घंटे का अल्टीमेटम
जामताड़ा : जिले के हड़ताली प्रखंड साधन सेवी, पारा शिक्षक व शिक्षा परियोजना कर्मी को राज्य परियोजना
जामताड़ा : जिले के हड़ताली प्रखंड साधन सेवी, पारा शिक्षक व शिक्षा परियोजना कर्मी को राज्य परियोजना निर्देश का 24 घंटे के अंदर संबंधित कार्यालय व विद्यालयों में योगदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इस बाबत उपायुक्त रमेश कुमार दूबे ने एक विज्ञप्ति जारी कर निर्धारित समय सीमा के अंदर योगदान नही करने वाले कर्मियों व पारा शिक्षकों का संविदा रद करने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने कहा कि उक्त निर्देश के अनुपालन में कोताही नहीं बरतने में ही भलाई है। मालूम हो कि जिले में पदस्थापित बीआरपी-सीआरपी,शिक्षा परियोजना कर्मी व पारा शिक्षक गत सितंबर माह से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इससे जिले में शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है।
हड़ताल जारी रखने का निर्णय:
जामताड़ा : लंबित मांगों को ले हड़ताली शिक्षा परियोजना कर्मी शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित मैदान में 39वें दिन भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे रहे। मौके पर परियोजना कर्मी संघ के अजीत कुमार व अनिल कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड के सभी शिक्षा परियोजना परिषद कर्मी संघ, बीआरपी संघ, पारा शिक्षक संघ और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय कर्मी संघ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इससे शिक्षा विभाग की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इसके बाद भी सरकार को बच्चों का भविष्य पर कोई ध्यान नहीं है। सरकार संविदा कर्मियों को हटाने की धमकी दे रही है। लेकिन हम इस धमकी से डरने वाले नहीं हैं। सरकार हमारी मांग पर जब तक साकारात्मक पहल नही करेगी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। यहां एपीओ कुमारी डोली,जेई प्रदीप कुमार मंडल,उत्तम कुमार मंडल, नोनी गोपाल,विकास भूषण,दिलीप कुमार आदि शिक्षा परियोजना पदाधिकारी मौजूद थे।