पत्नी की विदाई नहीं होने से युवक ने लगाई फांसी
मिहिजाम, जामताड़ा : शहर के रेलपार के बजरापाड़ा स्थित अपने ससुराल में मंगलवार को 24 वर्षीय युवक ने फांस
मिहिजाम, जामताड़ा : शहर के रेलपार के बजरापाड़ा स्थित अपने ससुराल में मंगलवार को 24 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी के अनुसार मृतक शंकर मुर्मू बिंदापाथर थाना क्षेत्र के जबरदाहा गांव के आसनगोड़ा का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि मृतक ने 33 हजार वोल्ट हाईटेंशन बिजली पोल के सहारे रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक की शादी तीन साल पूर्व मिहिजाम रेलपार के बजरापाड़ा गूगल हेम्ब्रम की पुत्री बबीता हेम्ब्रम के साथ हुई थी। मृतक शादी के बाद से ही अपनी पत्नी को अपने घर रखना चाहता था। परंतु कोई न कोई बहाना बनाकर ससुराल वाले उसे नहीं जाने देते थे। जिससे युवक हमेशा मानसिक तनाव में रहता था। उसने हर बार पत्नी को अपने घर ले जाना चाहा लेकिन ससुराल वालों ने ऐसा नहीं करने दिया। इसके बाद मृतक शंकर मूर्म निराश होकर रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र चला गया। जहां पर वह किसी प्राइवेट कंपनी में काम करने लगा। मृतक महाराष्ट्र से छुट्टी लेकर तीन दिन पूर्व ही लौटा था। उसने फिर एक बार अपनी पत्नी को घर ले जाने के लिए जिद करने लगा। लेकिन इस बार भी उसकी पत्नी ने ससुराल जाने से इंकार कर दिया। जिससे वह तनाव में था। समाचार प्रेषित होने तक इस मामले में मृतक के पिता के द्वारा ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी थी।