सकलपुर मामले की निष्पक्ष जांच करें प्रशासन
जामताड़ा : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को भाजपा ने समाहरणालय के समक्ष धरना- प्रदर्शन किया। पार्टी नेता सह नाला विधायक सत्यानंद झा बाटुल ने जिला प्रशासन पर सुस्त रवैया अपनाने का आरोप लगाया। कहा कि जिले में भ्रष्टाचार चरम पर है। अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। प्रशासन सत्तारूढ़ पार्टी के दबाव में काम कर रहा है। पिछले दिन करमाटांड प्रखंड के सकलपुर में हुई घटना में भी पुलिस-प्रशासन ने स्थानीय झामुमो विधायक सह स्पीकर शशांक शेखर भोक्ता के दबाव में काम किया। पुलिस प्रशासन ने मामले में बेवजह कई लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज किया। पार्टी पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पार्टी जिलाध्यक्ष सुरेश राय ने कहा कि जिले में पुलिस प्रशासन की नाक के नीचे कोयला तस्करी का कारोबार चल रहा है। जिले से लगातार खनिज संपदा की तस्करी पड़ोसी जिले व राज्यों में हो रही है। पुलिस ऐसे कारोबार में लगे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई के बजाए संरक्षण देने का आरोप लगाया। जिले के आम लोगों को सरकारी सुविधाएं नहीं मिल रही है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए लोगों को अभी भी पड़ोसी राज्यों व जिलों पर निर्भर रहना पड़ता है। मौके पर पार्टी के कार्यसमिति सदस्य सह नपं अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने कहा कि नवनिर्मित सदर अस्पताल में आवागमन की बेहतर व्यवस्था नहीं रहने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। जिला प्रशासन से पुराने सदर अस्पताल में भी 24 घंटे स्वास्थ्य सेवा बहाल करने की मांग की। कम बारिश को ले भी जिले को सुखाड़ क्षेत्र घोषित करने की मांग की। मौके पर पार्टी के महिला मोर्चा अध्यक्ष बबीता झा, महादेव मुर्मू, संतन मिश्र, सोमनाथ सिंह, संदीप रक्षित, बेबी सरकार, अनूप पांडेय, नरेश बर्मन, निमाई सेन आदि ने भी अपनी बात रखी। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से भेंटकर 10 सूत्री मांग पत्र सौंपा। मौके पर मुरारी भूषण सिंह, महावीर सरावगी, नीना शर्मा, रंजीत तिवारी, मोहन शर्मा, बाल मुकुंद रविदास आदि उपस्थित थे।