भाजपाइ का विस घेराव पर विचार-विमर्श
जासं, जामताड़ा : भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक मंगलवार को किसान भवन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी जिलाध्यक्ष सुरेश राय ने किया। बैठक में आगामी 31 जुलाई को समाहरणालय के समक्ष धरना प्रदर्शन व आगामी 5 अगस्त को झारखंड विधानसभा घेराव को लेकर पार्टी सदस्यों के साथ विचार-विमर्श हुआ। मौके पर उपस्थित नाला विधायक सत्यानंद झा बाटुल ने अपने वक्तव्य में कहा कि आगामी पांच अगस्त को विधानसभा घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिले से हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता रांची को कूच करेंगे। इसके लिए सभी प्रखंडों के प्रखंड अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं को पार्टी द्वारा आहूत कार्यक्रम से अवगत कराएंगे। वहीं आम लोगों के बीच भी पार्टी व पार्टी के मोर्चा सदस्य जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। वहीं पार्टी जिलाध्यक्ष सुरेश राय ने कहा पिछले दिनों हुए सकलपुर की घटना में जिला प्रशासन ने कई निर्दोष लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। जबकि अशांति फैलानेवालों को पुलिस अब तक चिह्नित नहीं कर पायी है। वहीं जिले में कोयला तस्करी पूरे जोर-शोर से चल रही है। पुलिस प्रशासन कोयला तस्करी को रोकने के बजाय अपने संरक्षण में चला रही है। इससे सरकार को काफी राजस्व घाटा हो रहा है। पार्टी इन्हीं दो बिंदुओं व कई स्थानीय मुद्दों को आगामी 31 जुलाई को समाहरणालय के समक्ष धरना प्रदर्शन करेगी। उधर, पार्टी के केंद्रीय समिति सदस्य सह नपं अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने भी पार्टी द्वारा निर्धारित दोनों कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पार्टी सदस्यों से अपील किया। इसके पूर्व, नाला विधायक, पार्टी जिलाध्यक्ष व पार्टी के अन्य नेताओं ने नए सदस्य प्रवीण प्रभाकर एवं संदीप रक्षित को माला पहनाकर स्वागत किया। भाजपा में योगदान करने के बाद प्रवीण प्रभाकर पहली बार पार्टी की बैठक में शामिल हुए। बैठक में सभी प्रखंड के अध्यक्ष, प्रदेश कार्य समिति के सदस्य समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। मौके पर संजय मंडल, मनोज सिंह, संतन मिश्र, चंद्रशेखर सिंह, सुकुमार सर्खेल, सोमनाथ सिंह, बबीता झा, नारायण मंडल, बेबी सरकार, मुरारी भूषण सिंह, उज्ज्वल यादव आदि उपस्थित थे।