रातभर होटलों की खाक छानती रही पुलिस
जामताड़ा : मंगलवार की रात पुलिस ने शहर के होटलों और लाज में छापेमारी की। हर कमरे और सामान की तलाशी ली गई पर पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा। थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान इस अभियान में शामिल थे। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया।
प्रभात इन में अफरातफरी : पुलिस का यह अभियान रात करीब 11 बजे होटल प्रभात इन से शुरू हुआ। इस समय भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता होटल में ठहरे अपने पार्टी पदाधिकारियों से मिलने पहुंचे थे। छापेमारी की खबर पाकर अफरातफरी का माहौल बन गया। कार्यकर्ता बाहर निकलने लगे। इस दौरान पुलिस ने अपना अभियान जारी रखा और हर संदिग्ध व्यक्ति और सामान की तलाशी ली गई।
देवी भारती में बेवजह समय बर्बाद : पुलिस टीम करीब बारह बजे दुमका रोड स्थित होटल उत्सव में पहुंची और तलाशी ली। इसके बाद देवी भारती रेस्ट हाउस में जांच को गयी। पुलिस ने लॉज खुलवाने का प्रयास करीब आधे घंटे तक किया। दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस ने मुख्य द्वार फांदकर अंदर प्रवेश किया। लॉज पूरी तरह जेवीएम के बाहरी कार्यकर्ताओं से भरा था। देर रात को पुलिस ने इस लॉज में सघन तलाशी ली पर कुछ भी आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। लॉज के मालिक या मैनेजर के इंतजार में पुलिस घंटों तक मौके पर रुकी रही मगर कोई नहीं पहुंचा। थाना प्रभारी ने बताया कि लॉज मालिक और स्टाफ का चरित्र सबसे ज्यादा संदेहास्पद लगा। पुलिस को यहां सहायता नहीं मिली। कहा कि चुनाव के बाद ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एकता में समापन : पुलिस का यह अभियान होटल एकता श्री में जांच के बाद संपन्न हुआ। इस होटल में भाजपा के कुछ पूर्व सांसद ठहरे हुए थे। हर कमरे और सामान की तलाशी के बाद पुलिस चली गई। पुलिस के इस अभियान का देर रात को भी शहर में व्यापक असर देखने को मिला। होटल के स्टाफ सहित ठहरे हुए लोग देर रात को चले इस अभियान के बाद सकते में दिखे।