नमो को सुनने के लिए उमड़ी भीड़
जामताड़ा : चुनाव के क्रम में देश के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण किया। जो देखा व पाया उससे मुझे बहुत पीड़ा होती है। आजादी के 60 वर्ष बाद भी देश के लोगों को पीने का शुद्ध पानी नसीब नहीं हो रहा है।
उक्त बातें भाजपा के प्रधानमंत्री उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कहीं। वे सेटेलाइट थ्री डी इमेज के माध्यम से गांधी मैदान में लोगों को संबोधित कर रहे थे। अपने वक्तव्य में मोदी ने बिना नाम लिए कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि शहजादे कहते हैं कि हमने यह किया। वह किया। इसको हक दिलाया। उसको हक दिलाया। मैं उनसे पूछता हूं कि देश के संविधान में लोगों को शुद्ध पानी पीने का अधिकार है। इसे अब तक क्यों नहीं सुनिश्चित कराया गया। कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की नेतृत्व वाली सरकार ने देश की सभी नदियों को जोड़ने की नीति तैयार की थी। उस पर काम भी शुरू किया था लेकिन जैसे ही वाजपेयी सरकार गयी कांग्रेस ने उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया। अभी सुप्रीम कोर्ट के लतार पर उन फाइलों को सरकार खोज रही है। मोदी ने कहा कि अगर उस परियोजना को पूरा किया गया होता तो न लोग कहीं बाढ़ से पीड़ित होते और न लोगों को पीने के पानी के लिए किल्लत झेलनी पड़ती। उन्होंने अपनी प्राथमिकता सूची में देश के लोगों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने की बात कही। कहा कि अब तक हुए चुनाव से यह साफ हो गया है कि केंद्र की सरकार अब बदलने वाली है। उन्होंने शेष बचे लोक सभा क्षेत्रों में अपने पार्टी के पक्ष में उम्मीदवारों को मतदान देने की अपील की। खासकर युवा व महिला वर्ग के मतदाताओं द्वारा चुनाव में भागीदारी बढ़ने पर खुशी व्यक्त की। इसके पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश राय ने भी आम लोगों को संबोधित किया। इस अवसर पर पांच लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी मध्यप्रदेश से बीडी शर्मा, मुंबई से सौरव सिंह, गढ़वा से शिवधारी राम, पलामू से कामेश्वर कुशवाहा, जिला प्रभारी विनय शर्मा, युवा मोर्चा के विनय पाठक समेत स्थानीय पार्टी नेता उपस्थित थे। सेटेलाइट थ्री डी इमेज के माध्यम से नरेंद्र मोदी देश के 13 राज्यों के 105 लोकसभा क्षेत्रों के लोगों को संबोधित कर रहे थे।