महिला अनशनकारी की तबियत बिगड़ी, नहीं आए डॉक्टर
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के निष्काषित कर्मचारी पुत्र नौकरी की मांग को लेक
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के निष्काषित कर्मचारी पुत्र नौकरी की मांग को लेकर बुधवार को भी अनशन पर रहे। आंदोलन को ताकत देने के लिए कुछ कर्मचारी पुत्रों की पत्नियां भी आमरण अनशन पर बैठ उनका साथ दे रही हैं। मंगलवार सुबह 10 बजे से भूखी-प्यासी बैठी विजय गुप्ता की पत्नी प्रिया गुप्ता की बुधवार को दोपहर एक बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई। लगातार उल्टियां हुई। ब्लड प्रेशर भी कम हो गया। इसकी जानकारी होने के बावजूद न तो टाटा मोटर्स प्रबंधन और न ही जिला प्रशासन की ओर से महिला की स्वास्थ्य जांच के लिए डॉक्टरों की टीम भेजी गई।
प्रिया के अलावा अवतार सिंह की पत्नी उपेंद्रजीत कौर और निर्मल सिंह की बहन कुलविंदर कौर भी आमरण अनशन पर बैठी हैं। अवतार सिंह ने बताया कि तबीयत बिगड़ने की जानकारी धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार रंजन को दी गई, लेकिन स्वास्थ्य जांच के लिए कोई नहीं पहुंचा। निष्काषित कर्मचारी पुत्र अवतार सिंह ने स्पष्ट तौर पर कहा कि जब तक उनके पक्ष में फैसला नहीं हो जाता, अपना आमरण अनशन नहीं तोड़ेंगे। जिला प्रशासन व टाटा मोटर्स प्रबंधन की आश्वासन की घुट्टी अब नहीं पिएंगे। अब वे बिना नौकरी लिए नहीं उठेंगे।
निष्काषित कर्मचारी पुत्रों के समर्थन में बुधवार को युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पवन पाडेय टेल्को स्थित अनशन स्थल पहुंचे। उन्होंने प्रबंधन से सभी निष्काषित कर्मचारी पुत्रों को नियोजित करने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर कंपनी गेट जाम करने की चेतावनी दी।