कृषि विज्ञान केंद्र के ठेका कर्मियों ने की हड़ताल
संवाद सूत्र, गालूडीह : कृषि विज्ञान केंद्र के अनुबंध कर्मी तीन सूत्री मांगों को लेकर सोमवार से
संवाद सूत्र, गालूडीह : कृषि विज्ञान केंद्र के अनुबंध कर्मी तीन सूत्री मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल करने की वजह से विभागीय कार्य प्रभावित होने शुरू हो गए। हड़ताल में विभाग के चालक, लेखापाल समेत अन्य दो कर्मी शामिल हैं। अनुबंध कर्मी दीपांकर भकत ने बताया कि वर्षो से विभाग में ठेका के आधार पर काम कर रहे हैं। कई बार विभाग के वरीय अधिकारी से मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है। लेकिन अधिकारियों से सिर्फ आश्वासन मिली है। बाध्य होकर हमलोगों को हड़ताल करना पड़ा। मांगें पूरी नहीं होने तक हड़ताल जारी रहेगी। मांगों में कई माह की बकाया मानदेय भुगतान करने, समान काम के लिए समान वेतन, वर्षो से ठेका पर काम कर रहे कर्मियों को स्थायी करने की मांग शामिल है। वहीं विभाग के वरीय मुख्य वैज्ञानिक डॉ. आरती वीणा एक्का ने कहा कि लेखापाल, चालक समेत चार ठेका अनुबंधित कर्मचारी के हड़ताल पर जाने से काम प्रभावित हो रहा है। विभाग के निर्देशानुसार क्षेत्र में भ्रमण कर किसानों को कृषि संबंधित जानकारी देने का प्रावधान है जो कि पूरा नहीं हो पा रहा है।