आ गए पूर्वी सिंहभूम के गांवों के गायब नक्शे
मुजतबा हैदर रिजवी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के 1805 गांवों के गायब 1811 नक्शों की मूल कॉप
मुजतबा हैदर रिजवी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के 1805 गांवों के गायब 1811 नक्शों की मूल कॉपी बिहार से आ गई है। इन नक्शों के आने के बाद अब जिले में सभी गांवों के नक्शे उपलब्ध हैं। इनसे जिले में चल रहे राजस्व विवादों को हल करने में भी मदद मिलेगी। साथ ही राजस्व नक्शों के आने के बाद अब राजस्व विभाग पूरी तरह ऑनलाइन हो जाएगा। सभी नक्शों का डिजिटाइजेशन कर दिया जाएगा।
इन नक्शों के गायब होने से भू माफिया की पौ बारह थी। आम लोगों को काफी दिक्कत हो रही थी। इससे भूमि विवाद के मसले हल नहीं हो पा रहे थे लेकिन, अब नक्शे वापस आ जाने से सारे विवाद न्याय पूर्वक हल किए जा सकेंगे। जिले के सभी अंचलों के 1805 राजस्व गांवों के नक्शे गायब थे। इन्हें चाईबासा के रिकॉर्ड रूम में भी तलाशा गया लेकिन वहां ये नक्शे नहीं मिले। इन गांवों के नक्शों की मूल कॉपी पटना के गुलजार बाग प्रेस में मौजूद थी। वहां से संपर्क करने के बाद बिहार सरकार ने एक नक्शे के लिए 50 रुपये की मांग की थी। इसके बाद जिले ने 1811 नक्शों के लिए बिहार सरकार को 90 हजार 550 रुपये अदा कर दिए थे लेकिन, राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद बिहार सरकार नक्शा देने में टालमटोल करने लगी। अंत में बिहार सरकार ने राज्य के 14 जिलों के नक्शे झारखंड के सुपुर्द कर दिए। इनमें पूर्वी सिंहभूम के भी नक्शे शामिल हैं। निदेशालय में तैनात सहायक बंदोबस्त अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम के सारे गायब नक्शे आ गए हैं।
----------
गवर्नमेंट प्रेस में रहेंगे सारे नक्शे
जिले के सभी नक्शे रांची में गवर्नमेंट प्रेस में सुरक्षित रहेंगे। ये नक्शे मूल कॉपी हैं और सरकार की धरोहर हैं। सरकार इन नक्शों की कॉपियां करा सकती है। ये नक्शे आम लोगों के लिए भी उपलब्ध होंगे। यहां से कोई भी शख्स फीस देकर हासिल कर सकेगा। नक्शे मामूली फीस लेकर जनता को दिए जाएंगे। सरकार जल्द ही यह फीस तय कर देगी।
-----------
पूर्वी सिंहभूम के नक्शे
अंचल, गांव, कुल नक्शे, गायब नक्शे
धालभूमगगढ़- 145, 230, 161
मुसाबनी- 50, 86, 32
डुमरिया- 90, 174, 105
घाटशिला- 167, 245, 159
जमशेदपुर - 112, 240, 134
चाकुलिया- 278, 400, 274
बहरागोड़ा- 508, 602, 401
पोटका- 293, 463, 351
पटमदा- 162, 305, 191
कुल- 1805, 2745, 1811