19 दिसंबर तक भरे जाएंगे हज के फार्म, अब नहीं बढ़ेगी तारीख
हज के फार्म अब 19 दिसंबर तक भरे जाएंगे। केंद्रीय हज कमेटी ने हज का फार्म भरने की आखिरी तारीख में इजाफा कर दिया है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। हज के फार्म अब 19 दिसंबर तक भरे जाएंगे। केंद्रीय हज कमेटी ने हज का फार्म भरने की आखिरी तारीख में इजाफा कर दिया है। ये तारीख बुधवार को खत्म हो रही थी। केंद्रीय हज कमेटी ने आदेश जारी कर कहा है कि जो लोग हज पर जाने के इच्छुक हैं वो अपने फार्म भर दें। अब आखिरी तारीख में इजाफा नहीं किया जाएगा।
हज पर जाने के लिए फार्म भरने की आखिरी तारीख 12 दिसंबर थी। जमशेदपुर में साकची जामा मस्जिद से अब तक 250 आजमीन ने अपने फार्म भर दिए हैं। धतकीडीह के मदरसा फैजुल उलूम से सवा सौ फार्म भरे जा चुके हैं। शहर के तकरीबन डेढ़ सौ लोगों ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है। इनके पासपोर्ट अब तक नहीं बन पाए हैं। इसी वजह से केंद्रीय हज कमेटी ने हज का फार्म जमा करने की तारीख में इजाफा किया है।
पासपोर्ट के लिए कमेटी से मिलें
जमशेदपुर की साकची जामा मस्जिद कमेटी के मो. इकबाल ने कहा है कि हज पर जाने के इच्छुक शहर के ऐसे लोग जिनका पासपोर्ट अब तक नहीं बन पाया है, वो जामा मस्जिद आकर उनसे मिलें। कमेटी इस मामले को प्रदेश हज कमेटी तक पहुंचाएगी। हज कमेटी पासपोर्ट दफ्तर से बात करेगी और उनके पासपोर्ट बनवाए जाएंगे।