बेटे की बारात में जमकर थिरके मुख्यमंत्री रघुवर दास, ललित संग पूर्णिमा की शादी
मुख्यमंत्री रघुवर दास अपने बेटे ललित की बारात में जमकर थिरके। बारात नाचते-गाते रायपुर के होटल सिप्रिंग पहुंची।बराती भगवा पगड़ी पहने थे। यहां ललित और पूर्णिमा की शादी हुर्इ।
जमशेदपुर, जेएनएन। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास अपने बेटे ललित दास की बारात में जमकर थिरके। उनके साथ बारात में शामिल महिलाओं ने भी जमकर डांस किया। इसके बाद दुल्हा ललित मंच पर पहुंचे और ललित और पूर्णिमा ने एक-दूसरे के गले में वरमाला डाली। रघुवर ने बेटे के लिए रायपुर की पूर्णिमा का दुल्हन चुना है। वरमाल के बाद शादी की रस्म शुरू हुई और ललित आैर पूर्णिमा ने सात फेरे लिए।
रायपुर में ललित की बारात में डांस करतीं बारात में शामिल महिलाएं।
इससे पूर्व रायपुर के होटल क्लॉक से बारात रवाना हुई और नाचते-गाते बराती होटल सिप्रिंग पहुंचे। यहां द्वार पूजा हुई। समधी भेंट के बाद दूल्हा ललित मंच पर पहुंचे। विवाह समारोह स्थल पर पहुंचने पर बैंड बाजा की धुन पर सीएम समेत बाराती व साथ में आईं महिलाओं ने भी डांस किया। मुख्यमंत्री रघुवर दास के बेटे ललित की शादी के लिए बारात लेकर सुबह रायपुर पहुंचे थे। वहां स्टेशन पर बारात का जमकर स्वागत हुआ था। शाम को विवाह स्थल पर बारात पहुंची जहां जमकर खातिरदारी हुई। सभी बारातियों की पगड़ी भगवा रंग की थी। इस मौके पर रघुवर दास ने कहा कि जहां ईश्वर चाहे वही विवाह तय होता है।
वरमाल के बाद ललित और पूर्णिमा।
जमशेदपुर में भी जमकर थिरके थे रघुवर
जमशेदपुर से गुरुवार को बारात ट्रेन से रायपुर के लिए रवाना हुई थी। मुख्यमंत्री के एग्रीको स्थित आवास पर वैवाहिक रस्मों को पूरा किया गया था। बारात रवानगी के मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास अपनी पत्नी और बहन संग जमकर थिरके थे। मुख्यमंत्री के परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और तमाम ईष्ट-मित्रों के साथ ही बारात एग्रिको स्थित आवास से निकल कर भालूबासा स्थित शीतला मंदिर पहुंची। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद बराती टाटानगर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हो गए। बरातियों के लिए विवाह स्थल रायपुर छत्तीसगढ़ जाने के लिए कुर्ला एक्सप्रेस में दो बोगी तथा देर रात बारात में जाने वालों के लिए शालीमार एक्सप्रेस में एक बोगी आरक्षित थी। इसके पूर्व सुबह हल्दी की रस्म पूरी हुई। दोपहर में बरातियों के लिए भोज का भी प्रबंध किया गया था।
रायपुर में रघुवर दास के बेटे की बारात में भगवा पगड़ी पहने बराती।
रायपुर में अपने बेटे की बारात में शामिल रघुवर दास व अन्य।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी गए बारात
बारात जाने वालों में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सिंहभूम के सांसद लक्ष्मण गिलुवा, जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो,मुख्यमंत्री के भाई मूलचंद साहू, जयदेव साहू के परिवार के साथ ही सभी बहनों के परिवार के सदस्य, मुख्यमंत्री के ससुराल पक्ष के लोगों सहित भाजपा महानगर अध्यक्ष व मुख्यमंत्री के भांजे दिनेश कुमार, चंद्रशेखर मिश्र, गुरुदेव सिंह राजा, रामबाबू तिवारी, कुलवंत सिंह बंटी, कमलेश सिंह, संजीव सिंह, राकेश सिंह, गुंजन यादव, भूपेंद्र सिंह, टुनटुन सिंह, अप्पा राव, सतवीर सिंह सोमू सहित मुख्यमंत्री के तमाम मित्र शामिल हैं।
प्लेटफार्म एक पर आई ट्रेन
जिस ट्रेन से बरात रवाना हुई वह आम तौर पर तीन नंबर प्लेटफार्म पर आती है लेकिन गुरुवार को बारात के लिए इस ट्रेन को एक नंबर प्लेटफार्म में लाया गया। एक नंबर प्लेटफार्म पर साउथ बिहार एक्सप्रेस को आना था।
रघुवर का छत्तीसगढ़ से गहरा नाता
रायपुर स्टेशन पर स्वागत के लिए पहुंचे लोग।
मुख्यमंत्री रघुवर दास का छत्तीसगढ़ से तो वैसे ही गहरा नाता है। उनके परिवार के कई लोग रायपुर में रहते हैं, वहीं अब वे अपने इकलौते बेटे ललित का विवाह भी रायपुर की साधारण परिवार की लड़की पूर्णिमा साहू से करने जा रहे हैं। नईदुनिया से खास बातचीत में सीएम की होने वाली बहू पूर्णिमा ने बताया कि जब इतने बड़े परिवार का रिश्ता आया तो मैं काफी घबरा गई थी। मन में कई सवाल आ रहे थे कि आखिर मुझे ही क्यों पसंद किया गया? इसी बीच जब ससुरजी से वीडियो कॉल पर बात हुई तो मन को शांति मिली। पूर्णिमा के पिता भागीरथी साहू, साहूकार हैं, वहीं मां कौशल्या शिक्षक।
साधारण परिवार की तरह शादी की तैयारी
रायपुर वीआइपी चौक स्थित होटल में करीब दो हजार लोगों के रुकने की व्यवस्था की गई है। हवाई अड्डे के करीब होटल में सात फेरों की तैयारी की जा रही है। शादी में प्रदेश के तमाम बीजेपी नेता शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह भी शामिल होंगे। शादी की तैयारी साधारण परिवार की तरह की जा रही है।
जमशेदपुर, रांची और दिल्ली में होगा प्रीति भोज
रायपुर के होटल में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा और जमशेदपुर के सांसद संग रघुवर दास।
वर-वधू के स्वागत में जमशेदपुर में भोज दस मार्च को होगा। उसके बाद रांची में 12 मार्च और दिल्ली में 14 मार्च को वर-वधू के स्वागत में भोज होगा। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री हिस्सा लेंगे। वहीं रांची में होने वाले भोज में झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन, हेमंत सोरेन समेत राज्य के विभिन्न दलों के नेता शामिल होंगे।