पांच साल में राज्य में खुलेंगे 38 बड़े उद्योग : रघुवर
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि झारखंडसमृद्ध राज्य है लेकिन इसकी गोद में गरीबी है। सरकार इस गरीबी को जड़ से मिटाने के लिए काम कर रही है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि झारखंडसमृद्ध राज्य है लेकिन इसकी गोद में गरीबी है। हमारी सरकार इस गरीबी को जड़ से मिटाने के लिए काम कर रही है। राज्य बनने के बाद पहली बार मोमेंटम झारखंड में 2.10 लाख करोड़ रुपये का निवेश होने जा रहा है। इसमें से एक लाख 73 हजार करोड़ का निवेश तीन साल के अंदर धरातल पर दिखाई देगा। इतना ही नहीं पांच साल के 38 बड़े उद्योग खुलेंगे जिससे विकास के साथ-साथ रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। लोगों को रोजगार मिले इसके लिए सिंगापुर की ट्रेनिंग संस्था से झारखंड ने करार किया है। यहां से प्रशिक्षण लेने पर 110 देशों में नौकरी के अवसर प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री रविवार को तेली साहू समाज के तत्वावधान में सिदगोड़ा सूर्यमंदिर परिसर में 43 वें राजिम महोत्सव कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने माता राजिम की तस्वीर पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मौके पर उन्होंने झारखंड के लिए दुआएं भी मांगीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार 32 हजार गांवों में 15-15 महिलाओं का सखी मंडल बनाने जा रही है। सखी मंडल के माध्यम से छोटे-छोटे कुटीर उद्योग चालू किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि ठंड के दिनों में सरकार गरीबों के बीच कंबल बांटती है, अस्पतालों में चादर व तौलिया का प्रयोग होता है। इसमें सरकार की बड़ी राशि खर्च होती है। सरकार ने निर्णय लिया है कि गांव के उद्यमी सखी मंडल से ही कंबल, चादर व तौलिया का निर्माण कराया जाएगा।