फिर बिगड़ा मौसम का मिजाज, हुई बूंदाबांदी
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : शनिवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ा और शाम को लगभग 4.30 बजे हल्की ब
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : शनिवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ा और शाम को लगभग 4.30 बजे हल्की बूंदाबांदी हुई। आसमान में दिन भर बादल छाए रहे। मौसम पूर्वानुमान पदाधिकारी यूके श्रीवास्तव ने बताया कि इस समय उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर समुद्र तल से लगभग 1.5 किमी तक अपर एयर सर्कुलेशन बना हुआ है। इसका विस्तार ओडिशा के रास्ते दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों तक हुआ है। इसके साथ पश्चिम बंगाल के तटवर्ती इलाकों में भी अपर एयर सर्कुलेशन बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं में नमी अधिक है। इन्हीं कारणों से मौसम का मिजाज बिगड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तीन दिनों तक मौसम इसी प्रकार रहने की उम्मीद है। 14, 15 और 16 फरवरी को जमशेदपुर और आस-पास के इलाकों के साथ ही दक्षिणी झारखंड में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है। आसमान में बादल भी छाए रहेंगे। आसमान में बादल छाने के कारण शनिवार को अधिकतम तापमान में मात्र एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया।