टैगोर हिल पर लगेगी विवेकानंद की प्रतिमा
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : 12 जनवरी को विवेकानंद जयंती के मौके पर रांची में टैगोर हिल पर विवेकानंद
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : 12 जनवरी को विवेकानंद जयंती के मौके पर रांची में टैगोर हिल पर विवेकानंद की प्रतिमा लगाई जाएगी। प्रतिमा का आकार कितना बड़ा हो इस पर पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग मंथन कर रहा है। साथ ही टैगोर हिल में एक मेडिटेशन सेंटर भी सरकार बनाएगी, जहां पर्यटक मेडिएशन कर आध्यात्मिक सुकून हासिल कर सकेंगे।
यह बातें पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री अमर कुमार बाउरी ने सोमवार को जमशेदपुर सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए कहीं। वे यहां मुख्यमंत्री रघुवर दास की भतीजी की शादी में शिरकत करने आए थे। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा बनाने का आर्डर आकार पर सहमति बनने के फौरन बाद ही दे दिया जाएगा। इसे झारखंड के ही कलाकार बनाएंगे। इस बार युवा दिवस के तौर पर स्वामी विवेकानंद की जयंती धूमधाम से मनायी जाएगी। इस मौके पर राज्य स्तर पर रांची में हफ्ते भर का कार्यक्रम होगा। खेल के संदर्भ में मंत्री ने कहा कि झारखंड में एथलेटिक्स-2017 कराने की तैयारी चल रही है। एथलेटिक्स संघ से साफ कह दिया गया है कि इस खेल में हमारे बेहतरीन खिलाड़ी होने चाहिए ताकि हम पदक जीतने में नंबर एक पर रहें।
------------------
दिल्ली के प्रगति मैदान में बसेगा झारखंड
मंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि प्रदेश के पर्यटन को आगे बढ़ाने के लिए फरवरी-मार्च में दिल्ली में एक बड़ा मेला लगाया जाएगा। इस मेले में सारे स्टाल झारखंड के ही होंगे। इन स्टालों के जरिए झारखंड की संस्कृति, कला, लोक नृत्य के अलावा प्रदेश के जायके का भी प्रदर्शन होगा। यह कार्यक्रम सात दिनों का होगा। इस मेले में झारखंड के पर्यटन स्थलों के साथ ही गांवों के मनोरम नजारों को भी दिखाया जाएगा। इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों से कराने पर विचार चल रहा है। इससे प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। क्योंकि भारत के ही लोग नहीं जानते कि झारखंड में कितने पर्यटन स्थल हैं।
--------
जब लंदन में खो गया मंत्री का कैमरा
मंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि लंदन विजिट के दौरान एक मार्ट में उनका कैमरा खो गया। वहां के प्रबंधन ने बाउरी को भरोसा दिलाया कि जल्द ही उनका कैमरा मिल जाएगा। कैमरे के बारे में वहां एलान कर दिया गया था और आठ घंटे में कैमरा उन्हें वापस मिल गया। मंत्री अमर बाउरी इस घटना को एक मिसाल मानते हैं। वह बताते हैं कि कैमरा खोने के बाद उन्होंने इसकी काफी तलाश की थी लेकिन कैमरा नहीं मिला था। तब उन्होंने सोचा कि अब कैमरा नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि इसी तरह का माहौल झारखंड में होना चाहिए। तभी यहां पर्यटन का विकास होगा। इंग्लैंड में टैक्सी वालों से लेकर हर एक शख्स बेहद अपनेपन और प्यार से मिलता था और पूरी मदद को तैयार रहता था।
----------
युवाओं को सैलानी फ्रेंडली बनाएगी सरकार
मंत्री अमर कुमार बाउरी पर इंग्लैंड में मेहमानों के साथ होने वाले बर्ताव का सीधा दिल पर असर हुआ है। अमर बाउरी चाहते हैं कि झारखंड के लोग भी बाहर से आने वाले सैलानियों के साथ आत्मीयता से पेश आएं। इसके लिए युवाओं को ट्रैवल एजेंट की ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्हें सरकार वाहन भी देगी ताकि वह पर्यटकों को उनकी मंजिल तक पहुंचाएं। मंत्री ने कहा कि पिकनिक का मौसम शुरू हो रहा है। सरकार का पूरा ध्यान पिकनिक पर सुरक्षा का होगा।