मोतिहारी के जूना सिंह से उपेंद्र सिंह ने लिया था हथियार
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर: ठेकेदार रामशकल यादव हत्याकांड में पूछताछ के लिए रिमांड पर लिए गए उपेंद्
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर:
ठेकेदार रामशकल यादव हत्याकांड में पूछताछ के लिए रिमांड पर लिए गए उपेंद्र सिंह से कई अहम जानकारियां मिली हैं। उपेंद्र ने रामशकल यादव की हत्या में इस्तेमाल पुलिस की पिस्तौल बिहार के मोतिहारी जिले के दागी जूना सिंह से ली थी। उपेंद्र ने यह भी बताया है कि उसने पटना के अपराधी मनोज सिंह के पुत्र मनी उर्फ बबुआ, रोहित सिंह समेत अन्य शूटरों का किस तरह इस्तमोल किया। उपेंद्र सिंह की रिमांड अवधि शनिवार को समाप्त हो रही है।
याराना होटल में ठहरते थे बिहार के फरार अपराधी
एसएसपी अनूप टी मैथ्यू ने बताया कि उपेंद्र सिंह के मानगो बस स्टैंड स्थित याराना होटल में बिहार के फरार अपराधी पनाह लेते थे जो बिहार से अपराध कर यहां छुपते थे। कुछ दिन रहने के बाद चले जाते थे। किसी को शक भी नहीं होता था। इसके कारण उपेंद्र सिंह का लिंक अपराधियों से बढ़ता चला गया। जरूरत पड़ने पर वह इन अपराधियों का शहर में उपयोग भी करता था।
अखिलेश सिंह पर हमले में हुई पूछताछ
बीते वर्ष अखिलेश सिंह पर न्यायालय में पेशी के दौरान हुए जानलेवा हमले के मामले में भी पुलिस टीम ने बिष्टुपुर थाने में उपेंद्र सिंह से पूछताछ की। इस मामले में भी पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारियां हाथ लगी हैं। संभावना है कि इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
अखिलेश सिंह से टकराने को तैयार उपेंद्र सिंह
पुलिस पूछताछ में उपेंद्र सिंह बार-बार यही बयां करता रहा कि वह अखिलेश सिंह से टकराने को तैयार है और उसके लिए कई दागियों को जुटाया, संरक्षण दिया। हथियार भी उपलब्ध कराया है। कारण कि अखिलेश सिंह उसे मरवाना चाहता है। इस जानकारी के बाद वह चुप कैसे बैठ सकता है। वह भी तैयार है।
आज पुलिस टीम करेगी महत्वपूर्ण खुलासा
उपेंद्र सिंह से रामशकल यादव हत्याकांड में तीन दिनों तक हुई पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं। इसका खुलासा शनिवार को पुलिस करेगी।