विकास सिंह के घर पुलिस का छापा
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मानगो बवाल मामले में पुलिस की ओर से गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मानगो बवाल मामले में पुलिस की ओर से गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इसी कड़ी में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास सिंह के मानगो गुरुद्वारा बस्ती स्थित आवास पर पुलिस ने शनिवार की रात ग्यारह बजे छापेमारी की। पुलिस के आने की भनक लगने के साथ ही विकास सिंह अपने घर से भाग निकले। इस क्रम में विकास के पैर में गंभीर चोट भी आयी है। इधर सिटी एसपी चंदन झा का कहना है कि जिनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है उनके गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
मालूम हो कि मानगो अक्षेस क्षेत्र में हुए बवाल मामले में पुलिस की ओर से अलग-अलग थाना में दो दर्जन से अधिक भाजपा नेताओं के लिए ढाई हजार अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें भाजपा के अलावा विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल के नेताओं को भी आरोपी बनाया गया है। मुख्य रूप से जिन्हें आरोपी बनाया गया है इनमें विकास सिंह के अलावा अरुण सिंह, छोटू पंडित, नीरज सिंह, गुरमुख सिंह मुखे, विजय तिवारी, सर्वेश तिवारी, चुन्नू पांडेय, रोहित सिंह, विकास तिवारी, जितेन्द्र तिवारी, मोनू पांडेय, सोनू पांडेय, चेतक सिंह, राजीव नंदन सिंह, गंगा सागर, रोहित शर्मा, राजेश सिंह पुलिस के निशाने पर है। इनके घरों पर भी पुलिस की ओर छापेमारी की गई है। मालूम हो कि अब तक कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। विकास सिंह ने दैनिक जागरण को फोन कर बताया कि उनके घर पर सिटी एसपी चंदन झा सीआरपीएफ के जवानों के साथ छापेमारी की गई है। वे इस मामले की सूचना पार्टी के नेताओं को भी दे दिया है।