सपने बेच रही राज्य सरकार : बलमुचू
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार बलमुचू ने
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि राज्य व केंद्र सरकार सपने बेचने का काम कर रही है। केंद्र सरकार के एक वर्ष व राज्य सरकार के छह महीने पूरे हो गए हैं, लेकिन हर मोर्चे पर दोनों सरकारें विफल हैं। राज्य सरकार केवल घोषणाएं कर रही है, एक भी काम धरातल पर नहीं उतर पाया है।
बिष्टुपुर स्थित एक होटल में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में बलमुचू ने स्थानीय नीति पर दावा किया कि मुख्यमंत्री रघुवर दास बिहार चुनाव से पूर्व इस नीति की घोषणा नहीं करेंगे। कहा कि 30 अप्रैल तक की समय सीमा निर्धारित की गई थी, लेकिन जुलाई आ गई है। स्थानीय नीति की वजह से राज्य में बहाली प्रक्रिया रुकी हुई है। उन्होंने कहा कि तीन स्टील प्लांट के लिए फिर से एमओयू किया गया। सच्चाई यह है कि इन्हें धरातल पर उतारना आसान नहीं होगा। क्योंकि, जमीन ही नहीं है। सरकार लैंड बैंक की बात कर रही है लेकिन अब तक कुछ सामने नहीं आया है। बलमुचू ने कहा कि रघुवर दास मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे है। कभी मालिकाना हक देने की घोषणा करते हैं, उसके बाद चुप हो जाते हैं। अब झारखंड में सरप्लस बिजली की बात कर रहे है। यह संभव नहीं है। प्रधानमंत्री हरित क्रांति की बात कर रहे हैं, जबकि सिंचाई परियोजना के लिए केंद्र सरकार फंड उपलब्ध नहीं करा रही है। सुवर्णरेखा परियोजना के लिए पिछले एक वर्ष से एक रुपये भी केंद्र सरकार ने नहीं दिया है। पत्रकार वार्ता के दौरान रविंद्र झा, विजय यादव व संजीव श्रीवास्तव मौजूद थे।