डिमना से बहरागोड़ा तक आज एनएच जाम करेगा झामुमो
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ता गुरुवार को सुबह सात बजे से र
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ता गुरुवार को सुबह सात बजे से राष्ट्रीय राजपथ (एनएच)-33 जाम करेंगे। जाम को सफल बनाने के लिए बुधवार को पार्टी नेताओं ने रणनीति बनाई। तय किया गया कि एनएच-33 पर डिमना चौक से लेकर बहरागोड़ा तक छह प्वाइंट पर पार्टी नेता जाम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का नेतृत्व करेंगे। अनिश्चितकाल के लिए किए जाने वाले इस जाम को तभी समाप्त किया जाएगा, जब एनएच-33 की जर्जर हालत को सुधारने के लिए सरकार की और से कोई ठोस कदम उठाया जाएगा।
झामुमो के जिला अध्यक्ष रामदास सोरेन ने बताया कि कई बार एनएच की हालात सुधारने को लेकर सरकार से मांग की गई, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नतीजा यह हुआ कि इस सड़क पर लगभग रोज दुर्घटनाएं घट रही हैं। इसलिए झामुमो ने ठाना है कि जबतक इस सड़क को दुरुस्त करने की ठोस कवायद शुरू नहीं की जाती, तबतक सड़क को जाम रखा जाएगा। झामुमो नेताओं ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के आदेश तक सड़क की स्थिति सुधारने में काम नहीं आ रही, इसलिए अब इस सड़क के लिए आर या पार की लड़ाई जरूरी है।
झामुमो द्वारा आहूत एनएच-33 जाम से गुरुवार को राष्ट्रीय राजपथ पर ट्रैफिक व्यवस्था के चरमराने की आशंका बढ़ गई है। चूंकि जाम सुबह सात बजे से लगाया जाएगा, इसलिए यह तय है कि एनएच पर भारी वाहनों की लंबी कतार लग जाएगी और बहरागोड़ा की ओर से झारखंड को ओडिशा व बंगाल को जोड़ने वाली यह सड़क इन दोनों राज्यों से गुरुवार को कट जाएगी।
-----------------
रांची जाने वाले आदित्यपुर के रास्ता जाएं
झामुमो के जाम के मद्देनजर एनएच-33 पर गुरुवार को लंबा जाम लगना तय है। इसलिए अगर जमशेदपुर से किसी को रांची रवाना होना हो तो बेहतर होगा कि वे आदित्यपुर की ओर से चौका के रास्ते रांची के लिए रवाना हों। चूंकि जाम पारडीह से ही शुरू होना है, इसलिए इस रास्ते रांची जाना संभव नहीं हो पाएगा।