आज आवाज का जादू बिखेरेंगी कल्पना हांसदा
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : संथाली फिल्म फेस्टिवल का समापन शनिवार को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : संथाली फिल्म फेस्टिवल का समापन शनिवार को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में झारखंड सिने अवार्ड समारोह के साथ होगा। इस मौके को संथाली गायिका कल्पना हांसदा की मधुर आवाज खास बनाएगी तो वहीं कोलकाता व ओडिशा के नृत्य दल की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेंगे। समारोह को युवक व युवती की आवाज में गाने वाले दुशासन महतो की प्रस्तुति से भी सजाया जाएगा। इस दौरान फिल्म फेस्टिवल में दिखाई गई फिल्मों में से श्रेष्ठ अभिनेता व अभिनेत्री समेत कई श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। समारोह में केंद्रीय आदिवासी कल्याण मंत्री जुएल उरांव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
शुक्रवार को झारखंड सिने अवार्ड के बारे में जानकारी देते हुए ऑल इंडिया संथाली फिल्म एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश हांसदा ने बताया कि फिल्म फेस्टिवल के दौरान 18 फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इस बार पांच अलबम का भी प्रदर्शन किया गया। रमेश हांसदा ने दावा किया कि सिने अवार्ड देखने के लिए 20000 से भी अधिक लोग गोपाल मैदान पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि 10000 लोगों के लिए मैदान में बैठने की व्यवस्था की गई है। सिने अवार्ड समारोह के दौरान पहली बार मंच के बैकग्राउंड में एलईडी डिस्प्ले लगाया जा रहा है। रमेश के मुताबिक समारोह में झारखंड के खाद्य मंत्री सरयू राय, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी उपस्थित रहेंगे।
---------
खेरवाल सोरेन के लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
झारखंड सिने अवार्ड समारोह के दौरान पश्चिम बंगाल के संथाली साहित्यकार व नाटककार खेरवाल सोरेन को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया जाएगा। इसके तहत उन्हें 25,000 रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही इस बार ऑल इंडिया संथाली फिल्म एसोसिएशन स्पेशल अवार्ड भी दिया जाएगा। यह अवार्ड ओडिशा के संथाली गायक सायबा सुशील कुमार हांसदा (विधायक) को दिया जाएगा, जबकि झारखंड का धनू मुर्मू को मरणोपरांत यह सम्मान दिया जाएगा।