झारखंड में बनेगा वात्सल्य ग्राम : रघुवर
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर: वृंदावन की तर्ज पर झारखंड में भी वात्सल्य ग्राम बनाया जाएगा। यह कहना थ
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर:
वृंदावन की तर्ज पर झारखंड में भी वात्सल्य ग्राम बनाया जाएगा। यह कहना था झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास का। रघुवर दास शुक्रवार को सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित वात्सल्य मिलन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि वृंदावन स्थित वात्सल्य ग्राम की तर्ज पर झारखंड में भी वात्सल्य ग्राम खोला जाएगा जहां अनाथ बच्चों को हर तरह की सुविधा प्रदान की जाएगी। सूर्य मंदिर में आयोजित बैठक में श्रीमद्भागवतकथा वाचक साध्वी ऋतंभरा के अलावा सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष सुरेश सोंथालिया, व्यवसायी मुन्ना अग्रवाल, समाजसेवी शिवशंकर सिंह, राजन सिंह, दिनेश विग, महेंद्र यादव, अचिंतम घोष, अनिल चौरसिया, दिनेश कुमार, पवन अग्रवाल, रामबाबू तिवारी, गुंजन यादव आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर साध्वी ऋतंभरा ने बताया कि वह वृंदावन में पिछले 22 साल से वात्सल्य ग्राम चला रहीं हैं जहां अनाथ बच्चों का हर तरह से विकास किया जाता है। अनाथ बच्चों को पढ़ाने-लिखाने के साथ उन्हें खेलकूद में भी पारंगत बनाया जाता है। बच्चों को ऐसी शिक्षा दी जाती है कि वह खुद अपने पैरों पर खड़ा हो सकें। मिलन समारोह में उपस्थित गणमान्य लोगों ने अपने स्तर से वात्सल्य ग्राम में सहयोग करने की बात कही।
----
कृषिमंत्री देंगे वात्सल्य ग्राम को एक माह का वेतन
राज्य के कृषि मंत्री रणधीर सिंह शुक्रवार देर शाम एक विवाह समारोह में शामिल होने जमशेदपुर पहुंचे। वात्सल्य ग्राम पर बैठक की जानकारी मिलने के बाद सीधे मुख्यमंत्री रघुवर दास के पास सूर्य मंदिर गए। उस समय मुख्यमंत्री साध्वी ऋतंभरा के साथ बैठक कर रहे थे। इस अवसर पर कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने साध्वी ऋतंभरा द्वारा संचालित वात्सल्य ग्राम को एक माह का वेतन देने की घोषणा की। इसके बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास बहरागोड़ा के विधायक कुणाल षाडं़गी की शादी के रिसेप्शन में पहुंचे जहां कृषि मंत्री रणधीर सिंह भी आए हुए थे।
---
पारडीह कालीमंदिर पहुंच मन्नत पूरा किया कृषि मंत्री ने
कृषि मंत्री रणधीर सिंह देर शाम पारडीह स्थित कालीमंदिर पहुंचे। कालीमंदिर पहुंचने पर कृषि मंत्री रणधीर सिंह का मंदिर के महंत सह जूना अखाड़ा के अंतराष्ट्रीय प्रवक्ता विद्यानंद सरस्वती ने शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री रणधीर सिंह ने मां काली की पूजा- अर्चना की। रणधीर सिंह के अनुसार उन्होंने मन्नत मांगी थी कि जब मंत्री बन जाएंगे तो मंदिर जरूर आएंगे।