टीवी में हो रहा जिमनास्टिक-एरोबिक : तनुश्री
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : आजकल डांस के नाम पर रियलिटी शो में टीवी पर जिमनास्टिक या एरोबिक्स हो र
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर :
आजकल डांस के नाम पर रियलिटी शो में टीवी पर जिमनास्टिक या एरोबिक्स हो रहा है, डांस कहीं खो गया है। ये बातें जमशेदपुर कार्निवाल में प्रदर्शन करने आई कोलकाता की मशहूर नृत्यांगना तनुश्री शंकर ने कहीं। चमरिया गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में तनुश्री ने कहा कि उन्हें यह सब देखकर बहुत दुख होता है। जो लड़के या लड़कियां परफार्म कर रहे हैं, उनमें टैलेंट तो बहुत है, लेकिन गलत दिशा में जा रहे हैं। डांस में करियर बनाने के सवाल पर कहा कि इसके लिए धैर्य और निरंतर सीखने की ललक होनी चाहिए। क्लासिकल डांस में पारंगत होने के लिए धैर्य तो चाहिए ही। आज कई लोग इसे अपना करियर बना चुके हैं। लेकिन आज हो क्या रहा है? टीवी पर देखा और डांस करने लगे। क्रैश कोर्स हो रहे हैं। एकेडमी में एडमिशन लिया और दूसरे दिन से स्टेज पर जाने की तैयारी करने लगे, यह क्या है? आपके पास कोई विलक्षण गुर है तो आप झट से फेमस तो हो सकते हैं, लेकिन झट से फर्श पर गिर भी सकते हैं। स्थायित्व के लिए तो लंबा अनुभव और संघर्ष तो करना ही होगा।
------
शंकर नृत्य शैली की बात अलग
आजकल संगीत की हर विधा में फ्यूजन की बात पर तनुश्री हंस पड़ती हैं। उन्होंने कहा कि फ्यूजन का मतलब सिर्फ एक-दो स्टेप्स बदल देना नहीं होता है, थीम होनी चाहिए। उनके श्वसुर स्व. उदय शंकर ने करीब 50 साल पहले एक शैली विकसित की थी, जिसमें शास्त्रीय व लोक नृत्य के साथ पाश्चात्य का सम्मिश्रण था। आज यह शैली लोकप्रिय हो रही है जिसे उन्होंने इतने साल पहले विकसित किया था। इसे शंकर नृत्य या डांस भी कहा जाता है। कोलकाता में वह तनुश्री शंकर डांस एकेडमी चलाती हैं जिसमें विदेश से भी छात्र सीखने आते हैं।
पेरिस में किया था पद्मावती
तनुश्री शंकर ने बताया कि उन्होंने पेरिस में फ्रेंच ओपेरा के साथ 'पद्मावती' बैले-डांस परफार्म किया था। इसका निर्देशन फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली ने किया था। इसमें 26 फ्रेंच डांसर थे। इसके बाद फ्रांस में पद्मावती के करीब 15 शो हुए। वह इतना बड़ा शो था कि उसमें स्टेज पर हाथी-घोड़ा भी थे। उन्होंने बांग्ला फिल्म 'हेमंते पाखी' के अलावा निर्देशक मीरा नायर की फिल्म 'नेमसेक' में अभिनय किया था। 1976-77 के दौरान कई बांग्ला फिल्मों में अभिनय किया था।
पहले भी आ चुकीं शहर
तनुश्री ने कहा कि वह तब से इस शहर में आ रही हैं, जब रूसी मोदी एमडी थे। वह अपने पति स्व. आनंद शंकर के साथ आती रही हैं। तनुश्री ने बताया कि यहां वे चार छोटे-छोटे सीक्वेंस करेंगी, जिसमें एमिटी, अवेकनिंग, मन मयूरी आदि हैं। इन सभी समाज और प्रकृति की झलक मिलेगी।