गुजरात का भगोड़ा राहुल को दे रहा गाली : हरिप्रसाद
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : कांग्रेस के झारखंड प्रभारी बीके हरिप्रसाद गुरुवार दोपहर बिष्टुपुर के जिल
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : कांग्रेस के झारखंड प्रभारी बीके हरिप्रसाद गुरुवार दोपहर बिष्टुपुर के जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। यहां संवाददाताओं से मुखातिब होते हुए हरिप्रसाद ने सीधे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर हमला बोला। कहा, अमित शाह गुजरात का भगोड़ा है। इशरत जहां मुठभेड़ कांड में कोर्ट ने जिसे तड़ीपार किया है, वह झारखंड में घूम-घूमकर राहुल गांधी के बारे में अनाप-शनाप बोल रहा है। थोड़ा संभलते हुए हरिप्रसाद ने कहा कि इससे उस व्यक्ति और भाजपा नेतृत्व की घटिया मानसिकता का पता चलता है। दरअसल उन्हें झारखंड के बारे में कुछ नहीं मालूम है, इसलिए उलटी-सीधी बातें कह रहे हैं। उनके गुरु नरेंद्र मोदी भी यही कर रहे हैं। चुनाव प्रचार में कहीं भी उन्होंने यह नहीं बताया कि झारखंड के लिए उनके पास क्या प्लान है। चाईबासा की सभा का उल्लेख करते हुए हरिप्रसाद ने कहा कि यहां मोदी ने एक बात कही 'झारखंड को बेशर्मो ने लूटा', लेकिन किसने? दस साल तो भाजपा ही सरकार में थी। मोदी सिर्फ झूठे वादे करने और अफवाह फैलाने में माहिर हैं। झारखंड में 'मोदी लहर' पर कटाक्ष करते हुए हरिप्रसाद ने कहा कि लहर थी तो चार दलों का गठबंधन क्यों बनाया। यह तो साल का सबसे बड़ा मजाक है। झामुमो से चुनाव बाद गठबंधन की बात पर प्रसाद ने कहा कि फिलहाल हम अलग-अलग लड़ रहे हैं और झामुमो ने हर जगह कांग्रेस के खिलाफ उम्मीदवार खड़े किए हैं। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत ने भी मोदी को शब्दों का जादूगर और सपनों का सौदागर कहा। संवाददाता सम्मेलन के बाद हरि प्रसाद व सुखदेव भगत चाईबासा रवाना हो गए, जहां शुक्रवार को राहुल गांधी की सभा होनी है।