पावर ग्रिड निर्माण पर क्रेडिट लेने की होड़
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : बालीगुमा में कृषि भूमि पर बनने वाले 100 मेगावाट की क्षमता वालेपावर ग्रिड
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : बालीगुमा में कृषि भूमि पर बनने वाले 100 मेगावाट की क्षमता वालेपावर ग्रिड की स्थापना का श्रेय लेने के लिए भाजपा व कांग्रेस में होड़ लग गई है। बुधवार को इस पावर ग्रिड का शिलान्यास राज्य के ऊर्जा मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह व कृषि मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा किया जाना है। जब इस बात की जानकारी भाजपा समर्थक स्थानीय लोगों को हुई तो उन्होंने भाजपा नेताओं से संपर्क किया। सूचना मिलने के बाद सैकड़ों की संख्या में भाजपाई राजेंद्र सिंह व बन्ना गुप्ता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बालीगुमा पहुंचे। भाजपा नेताओं का कहना था कि बालीगुमा में पावर ग्रिड लगाने का श्रेय पूर्व विधायक सरयू राय को जाता है, जबकि हक मंत्री बन्ना गुप्ता जता रहे हैं। भाजपाइयों ने ऊर्जा मंत्री व कृषि मंत्री के नाम से लगे शिलापट्ट के बगल में अपना एक बोर्ड लगा दिया। इस पर एमजीएम सर्किल इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह ने हल्का विरोध किया, तो भाजपाइयों के साथ इंस्पेक्टर की बहस हो गई। लोगों का कहना था कि वह मंत्री के शिलान्यास स्थल को किसी प्रकार की कोई क्षति नहीं पहुंचा रहे हैं। वहीं चेतावनी दी गई कि यदि उनके बोर्ड को किसी प्रकार की क्षति हुई तो बुधवार को हजारों लोगों के साथ शिलान्यास कार्यक्रम का विरोध किया जाएगा। नारियल फोड़कर शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न किया गया। इस अवसर पर भाजपाइयों ने मिठाई भी बांटी जिसमें विकास सिंह, आफताब अहमद सिद्दिकी, राजेश सिंह, छोटू पंडित, प्रमोद शर्मा, डबलू सिंह, दुर्गा दत्ता, हेमंत सिंह, डी मिश्रा, बबलू सिन्हा, नरेश महतो, जानकी महतो, सूरज नारायण, संध्या नंदी, मो. करीम, रेणु सिन्हा, शंकर वीर, संजय सिंह, राजू प्रजापति, मृत्युंजय सिंह के अलावा सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे।
सरयू राय हो गए विक्षिप्त : बन्ना
कृषि मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि आज की हरकत से सरयू राय ने अपना कद छोटा कर लिया है। यदि उन्होंने इस ग्रिड के लिए कभी आंदोलन किया हो या पत्राचार किया हो तो दिखाएं। भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले व्यक्ति से विक्षिप्तों जैसी हरकत शोभा नहीं देती। जनता सबकुछ जानती है।