कोल्हान यूनिवर्सिटी के छात्र चलाएंगे स्वच्छ जमशेदपुर अभियान
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर :
स्वच्छ भारत अभियान को गति देते हुए कोल्हान विश्वविद्यालय के छात्र आगामी दो अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन स्वच्छ जमशेदपुर की मुहिम को रफ्तार देंगे। कोल्हान विवि की प्रतिकुलपति डॉ. शुक्ला मोहंती इस अभियान का नेतृत्व करेंगे। इसमें विभिन्न कॉलेजों के कॉलेज के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। सब एक-दूसरे के साथ मिलकर शहर के एक इलाके को चिन्हित कर वहां झाडू लगाएंगे। जुस्को की ओर से पहले से ही जिम्मेदार नागरिक, जिम्मेदार शहर के तहत श्रमदान कर शहर के विभिन्न इलाकों में साफ-सफाई अभियान का संचालन किया जा रहा है। शहर को सुंदर बनाने के लिए नो प्लास्टिक का नारा बुलंद किया जा रहा है। इसके अलावा केंद्र सरकार की ओर से भी स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की जा रही है।
---------
हम अपने आसपास के इलाके में साफ-सफाई रखें, यह बेहद जरूरी है। जुस्को की ओर से जमशेदपुर को स्वच्छ बनाने की लगातार मुहिम चल रही है। इसमें कोल्हान विवि के अंतर्गत आने वाले कॉलेजों के छात्र एवं शिक्षक भी अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करने के लिए आगे आएंगे। हम ऐसी अपेक्षा करते हैं। आगामी 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान संचालित होगा।
डॉ. शुक्ला मोहंती, प्रतिकुलपति
कोल्हान विश्वविद्यालय