साकची में कपड़ा शोरूम में भीषण आग, लाखों की क्षति
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : साकची होटल सुखसागर के बगल में स्थित मल्टी ब्रांडेड कपड़े की शोरूम में मंगलवार की देर रात आग लग गयी। आग से लाखों की क्षति का अनुमान है। आग कैसे लगी इसका पता नहीं चल पाया। संभावना व्यक्त की जा रही है कि शॉट सर्किट से आग लगी होगी। प्रत्यक्षदर्शी मनीष ने बताया कि शोरूम से करीब 10 बजे धुंआ बाहर निकलते देखा। देखते ही देखते आग लगने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गयी। जानकारी मिलते ही टाटा स्टील व झारखंड सरकार की पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची, लेकिन घंटे भर मशक्कत करने के बावजूद आग पर काबू नहीं पा सके। इसके बाद फायर ब्रिगेड के कर्मचारी शोरूम का एक कांच को तोड़कर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन उसमें भी कामयाब नहीं हो सके। आगलगी की घटना बेसमेट में जहां लिफ्ट लगा हुआ है वहां से शुरू हुई है। चार तल्ले की इस मल्टी ब्रांडेड कपड़े के शोरूम में छह ब्रांड के कपड़े थे। बताया जाता है कि पूजा के मद्देनजर शोरूम में लाखों के कपड़े लगे थे जबकि बेसमेट में स्टॉक होने की बातें बतायी जा रही है। आग बुझाने के क्रम में मास्क लगाने के बावजूद एक फायर ब्रिगेड के कर्मचारी अर्ध बेहोश हो गए थे। भारी भीड़ के मद्देनजर साकची थाना प्रभारी स्वयं पुलिस कर्मियों के साथ डटे हुए थे। देर रात तक आग बुझाने में दमकलकर्मी जुटे हुए थे। शोरूम के संचालक पीयूष मेहता ने बताया कि उन्हें लाखों का नुकसान हुआ है।
---
साकची की पावर काट दी गयी
कपड़े की शोरूम में आग लगने के बाद एहतियात के तौर पर साकची एरिया का पावर काट दी गयी है। पावर कटे रहने के कारण पूरा साकची अंधेरे में डूबा हुआ है। आग बुझाने के दौरान लाइट नहीं रहने के कारण दमकलकर्मियों को काफी परेशानी हो रही थी। बाद में बगल के घर से जनरेटर चलाकर लाइट की व्यवस्था की गयी।