आकाशवाणी की 24वीं वर्षगांठ आज
जमशेदपुर : आकाशवाणी का जमशेदपुर केंद्र सोमवार को 24वीं वर्षगांठ मना रहा है। इसके तहत सुबह 10 से 11 बजे तक मीडियम वेव के 189.3 मेगा हटर््ज और विविध भारती के 100.8 फ्रीक्वेंसी (एफएम चैनल) पर एक साथ विशेष प्रसारण किया जाएगा। इसमें शहर के जाने-माने लोगों के अनुभव सुनाए जाएंगे, जबकि मीडियम वेव पर सुबह से रात तक शुभकामनाओं का सिलसिला जारी रहेगा। इस कार्यक्रम की परिकल्पना कार्यक्रम प्रमुख अंजन कुमार दास की होगी, जबकि आलेख व संपादन शाहिद अनवर व प्रस्तोता अजय कुमार राय होंगे। ज्ञात हो कि जमशेदपुर केंद्र का उद्घाटन एक सितंबर 1990 को तत्कालीन केंद्रीय सूचना-प्रसारण मंत्री पी. उपेंद्र ने किया था। इस मौके पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सुबोधकांत सहाय व बिहार के मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव भी उपस्थित थे। उद्घाटन के बाद उस दिन शाम पांच बजे से केंद्र का आधिकारिक प्रसारण शुरू हुआ था।