गुटबाजी के बीच मनी राजीव गांधी जयंती
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : जिला कांग्रेस व कांग्रेस परिवार के बीच की दूरियां बढ़ती ही जा रही हैं। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की बुधवार को 70वीं जयंती पर दोनों गुटों ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किये। कांग्रेस नेताओं की गुटबाजी पार्टी को कहां लेकर जाएगी, यह तो समय ही बताएगा। फिलहाल कार्यकर्ताओं व नेताओं में उहापोह की स्थिति बनी हुई है कि वे जिला कांग्रेस के कार्यक्रम में शरीक हों या कांग्रेस परिवार के बैनर तले आयोजित हो रहे कार्यक्रमों में। अब पूर्व सांसद डॉ. अजय कुमार के कांग्रेस में शामिल होने के बाद शायद कुछ बदलाव संभव हो।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय खां के नेतृत्व में साकची आमबगान से सद्भावना मार्च निकाला गया। यह मार्च साकची बाजार से होते हुए साकची राजीव गांधी चौक पहुंचा। यह मार्च यहां पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद ने राजीव गांधी की जीवनी पर प्रकाश डाला और कहा कि राजीव गांधी ने 1986 में ही गंगा सफाई अभियान प्रारंभ किया था। सभा को विजय खां, पूर्व विधायक शमसुद्दीन खान, मनोज यादव, परितोष सिंह, बलदेव सिंह, अजय सिंह, भरत सिंह आदि ने भी संबोधित किया। सद्भावना मार्च के राजीव गांधी चौक पर पहुंचने पर साकची प्रखंड कमेटी अध्यक्ष अमर कुमार मिश्रा ने अपनी टीम के सदस्यों के साथ मार्च का स्वागत किया। इस मौके पर कांग्रेसियों ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस कार्यक्रम में जम्मी भास्कर, रियाजुद्दीन खान, परितोष सिंह, कमलेश पांडेय, रीना घटक समेत काफी संख्या में कांग्रेसी शामिल हुए। वहीं दूसरी ओर कुछ कांग्रेसियों की ओर से आज के दिन को गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। साकची शहीद चौक पर राजीव गांधी को श्रद्धाजंलि दी गई। इस कार्यक्रम में बलदेव सिंह, नलिनी सिन्हा, राकेश साहू, संजय यादव, इंद्रजीत कुमार, संतोष पांडेय व सुरेन्द्र शर्मा मुख्य रूप से शरीक हुए।
कांग्रेस परिवार ने वितरित किया फल
कांग्रेस परिवार की ओर से एमजीएम अस्पताल के मरीजों के बीच पहुंचकर फल वितरित किया गया। कांग्रेस परिवार के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष रवींद्र झा, विजय यादव, रियाज खान, चिन्ना राव, धर्मा राव, फणीन्द्र सिंह विक्की समेत काफी संख्या में कांग्रेसी शामिल हुए।