झाविमो 23 को करेगा शक्ति प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर :
विधानसभा चुनाव की आहट से पहले यदि किसी दल में सबसे ज्यादा भगदड़ मची है, तो वह झाविमो ही है। इसके 11 में से छह विधायक पार्टी छोड़ चुके हैं, तो दो-तीन जाने की तैयारी में हैं। रही-सही कसर पूर्व सांसद डॉ. अजय कुमार के पाला बदलने से कार्यकर्ताओं-समर्थकों में खासी निराशा है। यदि चुनाव से पहले कोई बड़ा उलटफेर नहीं हुआ तो झाविमो की स्थिति क्या होगी, इसका बस अंदाजा ही लगाया जा सकता है। ऐसे में बचे-खुचे कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने के लिए 23 अगस्त का महाघेराव कारगर हो सकता है।
कुछ इसी तरह की चर्चा मंगलवार को साकची स्थित एक होटल में हुई, जहां जमशेदपुर महानगर जिला समिति के पदाधिकारियों के अलावा नवगठित मंडल अध्यक्ष मौजूद थे। तय हुआ कि फ्लाईओवर की मांग पर पार्टी के केंद्रीय सचिव अभय सिंह द्वारा आहूत महाघेराव को शक्ति प्रदर्शन का रूप दिया जाए। जिला के महामंत्री बबुआ सिंह ने आह्वान किया कि सभी मंडल अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं-समर्थकों को लेकर सुबह 10 बजे साकची जैन भवन पास के जुटें। वहां से जुलूस की शक्ल में कार्यकर्ता ढोल-नगाड़े के साथ उपायुक्त कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए जाएंगे। यदि इस प्रदर्शन के बाद भी जिला प्रशासन ने फ्लाईओवर के मुद्दे पर कोई ठोस पहल नहीं की, तो जमशेदपुर बंद का आह्ववान किया जाएगा। आज की बैठक को जिलाध्यक्ष फिरोज खान के अलावा उपाध्यक्ष अजीत सिंह, धर्मेद्र प्रसाद, नसीम अंसारी, रघुनंदन चंद्रवंशी आदि ने भी संबोधित किया, जबकि कुछ मंडल अध्यक्षों ने भी अपनी बात रखी। बैठक में प्रेस प्रभारी नितेश मित्तल, मंडल अध्यक्ष सुबोध पाल, जितेंद्र यादव, विकास जायसवाल, रवि पांडेय, दीपक पांडेय, शंभू कामत, दीपक दास, सरदार रंजीत सिंह, प्रमोद लाल, शिवा पांडेय, सुनील सिंह, कानू मुर्मू, पीके करुआ, शंभूनाथ सिंह, रमेश सरदार, बुधराम उरांव, मनोज गुप्ता आदि उपस्थित थे।