फ्लाईओवर बनाने को पहल न हुई तो जमशेदपुर बंद
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : झाविमो के केंद्रीय सचिव अभय सिंह ने कहा कि झाविमो फ्लाईओवर के लिए आंदोलन चला रहा है, लेकिन वह सभी राजनीतिक दलों से आग्रह कर रहे हैं कि जनहित में इसके लिए आवाज उठाएं। उन्हें खुशी हुई कि सांसद विद्युत महतो ने भी लोकसभा में इस मुद्दे को उठाया।
बुधवार को काशीडीह में हुई प्रेस वार्ता में अभय सिंह ने कहा कि वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी आग्रह करते हैं कि वह अपने स्तर से शहर में फ्लाईओवर निर्माण के लिए ठोस कार्रवाई करें। जब तक फ्लाईओवर नहीं बन जाता, तब तक सड़क दुर्घटना में मृत लोगों के परिजनों को मुआवजे के तौर पर 10 लाख रुपये दिलाएं। उन्होंने कहा कि झारखंड में अब तक नक्सली हमले में जितने लोग नहीं मारे गए, उससे कहीं ज्यादा लोग पिछले आठ साल की सड़क दुर्घटना में मारे गए। अभय ने कहा कि पांच अगस्त के बाद भी इस पर पहल नहीं हुई तो झाविमो 'जमशेदपुर बंद' का आह्वान करेगा।
इसी क्रम में अभय ने नक्शा विचलन के मामलों को दिल्ली-मुंबई की तर्ज पर नियमित करने की मांग की, वहीं विधायक रघुवर दास द्वारा जुस्को के पानी का फार्म बांटने को विडंबना कहा। उन्होंने कहा कि झाविमो अगस्त से 'पानी का सच' नामक अभियान चलाएगा जिसमें घर-घर जाकर लोगों को रघुवर के कारनामों की जानकारी दी जाएगी। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष हाजी फिरोज खान, सीएच राममूर्ति व नितेश मित्ताल भी उपस्थित थे।