चुनाव ड्यूटी में 17 किमी पैदल चले बैंक कर्मी
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर :
लोकसभा चुनाव में बैंक कर्मियों को करीब 17 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा। यह बैंक कर्मी निर्वाचन आयोग के आदेश पर पहली बार चुनाव ड्यूटी कर रहे थे। इन्हें माइक्रोआब्जर्वर बनाया गया था। क्लस्टर से बूथ तक पैदल ले जाए जाने से यह बैंक कर्मी पस्त हो गए। बैंक कर्मियों का कहना है कि वह इसकी चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे।
जिससे वे पस्त हो गए। थकावट व पीड़ा की वजह से अधिकांश बैंक कर्मी शनिवार को भी ड्यूटी पर नहीं जा सके। झारखंड प्रदेश बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन के उपमहासचिव हीरा अरकने ने बताया कि पहले तो उन्हें चुनाव प्रशिक्षण के लिए गम्हरिया व सरायकेला जाना पड़ा, जिसकी व्यवस्था उन्हें अपने स्तर से करनी पड़ी। इसके बाद जिला पदाधिकारी ने उन्हें 15 अप्रैल को सुबह आठ बजे काशी साहू कालेज सरायकेला बुलाया, लेकिन शाम पांच बजे उन्हें बताया गया कि 16 को सुबह 6.30 बजे तक आएं। उन्हें कुचाई होते हुए दलभंगा के सीआरपीएफ कैंप ले जाया गया। वहां से पांच टीम को गिलुवा पहाड़ के लिए रवाना किया गया। कई टीमों को गिलुवा पहाड़ से भी काफी दूर ले जाया गया। इनमें से कई की उम्र 55 वर्ष से अधिक थी, कोई बीमार था। लेकिन हर बार उन्हें डराया जाता था कि चुनाव ड्यूटी से मना किया तो एफआइआर कर दिया जाएगा। वैसे भी बैंक-एलआइसी कर्मियों को रिजर्व रखने की बात थी, लेकिन उन्हें पोलिंग बूथ में ड्यूटी लगाया गया। हमें समझ में नहीं आ रहा था कि हमें किस बात की सजा दी जा रही है, क्या यही लोकतंत्र की परिभाषा है। वह इसकी शिकायत जिला निर्वाचन पदाधिकारी, राज्य निर्वाचन पदाधिकारी से लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त तक करेंगे।