रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए हॉलीडे होम की सुविधा
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर :
आखिरकार टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए पुरी में हॉलीडे होम का तोहफा मिल गया। टाटा स्टील प्रबंधन, टाटा वर्कर्स यूनियन व लॉज के प्रतिनिधियों ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किया है। शुक्रवार को दी गई जानकारी के अनुसार अब रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए ओड़िशा के पुरी में दो कमरे आरक्षित हो सकेंगे। यह बुकिंग यूनियन कार्यालय से की जाएगी। इसके तहत सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उतना ही शुल्क वहन करना होगा। जितना कार्यरत कर्मचारियों की ओर से किया जाता है। कमरे के आरक्षण में आने वाले शेष शुल्क का भुगतान टाटा वर्कर्स यूनियन करेगी।
दरअसल विदाई समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ओर से यूनियन के समक्ष बार-बार यह पक्ष रखा जा रहा था कि उनके अवकाश ग्रहण करने के बाद तमाम सुविधाओं में कटौती हो जाती है। सेवानिवृत्त होकर जब वह परिवार के साथ समय गुजारने के लिए खाली होते हैं तो उन्हें हॉलीडे होम की वह सुविधा नहीं मिलती तो सेवा में रहते हुए मिलती है।