केयू के विभागाध्यक्ष डॉ. केके सहाय का निधन
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : गोलमुरी स्थित अब्दुल बारी मेमोरियल कॉलेज में समाजशास्त्र विषय के व्याख्याता व कोल्हान विश्वविद्यालय के पीजी हेड के पद पर प्रतिनियुक्त डॉ. केके सहाय के आकस्मिक निधन की खबर सुन शहर के शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को सुबह गोलमुरी रामदेव बागान स्थित अपने आवास के समीप पार्क में टहलने के दौरान डॉ. केके सहाय अचानक गिर पड़े। उन्हें तुरत टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को टीएमएच में ही रखा गया है। शुक्रवार को सुबह 11 बजे स्वर्णरेखा बर्निग घाट पर अंत्येष्टि की जाएगी। डॉ. सहाय की पत्नी डॉ. पूनम सहाय भी एबीएम कॉलेज में मनोविज्ञान विषय की व्याख्याता हैं। बड़ा पुत्र दुबई व छोटा पुत्र पुणे में हैं। दोनों के कल तक पहुंचने की संभावना है। डॉ. सहाय के निधन पर एबीएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसबी तिवारी, एबीएम कॉलेज शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ की ओर से गहरा शोक प्रकट किया गया।
---------------
डॉ. सहाय के घर पहुंचे अर्जुन मुंडा
डॉ. केके सहाय के निधन की खबर सुन शोक-संवेदनाओं का सिलसिला चलता रहा। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने शाम को डॉ. केके सहाय के घर पहुंच परिजनों को ढांढस बंधाया। वहीं सुबह कोल्हान विवि की प्रतिकुलपति डॉ. शुक्ला मोहंती, पूर्व रजिस्ट्रार डॉ. एसएस रजी, डॉ. उषा शुक्ला, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. एमआर सिन्हा आदि सहित अन्य लोग डॉ. सहाय के घर पहुंचे और शोक प्रकट किया।