पर्यावरण संरक्षण के लिए अनोखी पहलः पौधे लगाएंगे तो पाएंगे नंबर
जन्मदिन के मौके पर स्कूल में पौधरोपण करने पर बच्चे को वार्षिक परीक्षा में अंक दिए जाएंगे।
अरविंद राणा, हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के हाईस्कूलों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक अनोखी पहल की गई है। यहां पौधरोपण को विद्यार्थियों के जन्मदिन और प्रदर्शन से जोड़कर अभियान को नई धार देने की कोशिश की गई है।
इस व्यवस्था के तहत बच्चे अपने जन्मदिन के मौके पर स्कूल में पौधरोपण करते हैं। इसके लिए उन्हें वार्षिक परीक्षा में अंक भी दिए जाएंगे। यह पहल जिला शिक्षा पदाधिकारी सरिता दादेल ने की है। वह बताती हैं कि अपने जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए छात्र इस अभियान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने लगे हैं।
स्कूलों में जो व्यवस्था बनाई गई है उसके तहत जन्मदिन पर लगाए गए पौधों की देखभाल के लिए कक्षा नौ में नामांकन लेने वाले विद्यार्थी इन्हें गोद लेंगे और शिक्षक इसकी निगरानी करेंगे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी सरिता दादेल ने इसके लिए जिलास्तरीय प्रधानाचार्यों की बैठक में पिछले दिनों इसे ध्वनिमत से पारित कराने के बाद जिले में लागू कराया। जिले में कुल 110 उच्च विद्यालय हैं, जहां यह योजना लागू की जा रही है। इन स्कूलों में 24167 विद्यार्थी पढ़ते हैं। वहीं जिला स्तर पर ऐसे बेहतरीन कार्य करने वाले 10 विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग सम्मानित भी करेगा।
सामाजिक विज्ञान में मिलेंगे अंक:
विद्यार्थियों को पौधा लगाने के सामाजिक विज्ञान में अंक निर्धारित किए गए हैं। इस विषय में सैद्धांतिक लिखित परीक्षा में 80 अंक दिए जाते हैं, जबकि 20 अंक विद्यालय सामाजिक कार्य के लिए देगा। इसमें बच्चों को पौधे लगाने और उसके देखभाल पर ही अंक दिए जाएंगे।
पौधे लगाने के बाद दो से पांच बच्चों को ग्रुप बनाकर इसे गोद दिया जाएगा ताकि सभी बच्चों की भागीदारी इसमें हो। इसके बाद वार्षिक मूल्यांकन में इसके अंक निर्धारित दिए जाएंगे। शिक्षा विभाग उन शिक्षकों को भी सम्मानित करेगा जिनके स्कूल में ज्यादा पौधे लगे होंगे।
यह भी पढ़ेंः लालू यादव बिहार में घिरे, झारखंड में पढ़ा रहे विपक्षी एका का पाठ