बिना सरकारी मदद 15 दिनों में खोद डाला कुआं
दारू (हजारीबाग) : हौसला बुलंद हो तो पहाड़ भी रास्ता नहीं रोक सकता। इसे चरितार्थ किया है दारू बक्शीडीह
दारू (हजारीबाग) : हौसला बुलंद हो तो पहाड़ भी रास्ता नहीं रोक सकता। इसे चरितार्थ किया है दारू बक्शीडीह निवासी विजय भुइयां (पिता स्व. देवल भुइयां) ने। हुआ यूं कि विजय का परिवार पिछले काफी समय से पानी का संकट झेल रहा था। उसके बीवी-बच्चों को आधा किलोमीटा दूर से पीने का पानी लाना पड़ता था। इस क्रम में उसके परिवार को अन्य परिजनों का ताना भी सुनना पड़ता था। पानी की किल्लत को लेकर लोग उसे ताना मारते थे।
विजय को सरकारी मदद की उम्मीद थी, पर समय पर मदद नहीं मिलने से उसने स्वयं कुआं खोदने की ठान ली। उसके जूनून को धरातल पर उतारने में उसके परिवार ने भी भरपूर साथ दिया। उसने अथक परिश्रम से 15 दिनों में 18 फीट गहरा कुआं खोद डाला। अब उसे फिक्र हो रही है ईंट बांधने की। फिलहाल उसके पास ईट बांधने के लिए पैसे नहीं हैं। उसका कहना है कि फिलहाल पानी की किल्लत दूर हो गई है, आगे देखते हैं क्या होता है। इधर विजय भुइयां द्वारा स्वयं खोदे गए कुएं को देखने के लिए लोग रोज वहां पहुंच रहे हैं और उसकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।
-------------