चटकरी गांव में फैला डायरिया, दर्जन भर अक्रांत
चलकुशा प्रखंड का चटकरी गांव डायरिया की चपेट में है। गांव के दर्जन भर लोग डायरिया से अक्रांत हैं। प्
चलकुशा प्रखंड का चटकरी गांव डायरिया की चपेट में है। गांव के दर्जन भर लोग डायरिया से अक्रांत हैं। प्राथमिक चिकित्सा सुविधा से भी महरूम इस प्रखंड के गांव में सूचना मिलने के बाद चिकित्सा टीम पहुंची। सभी पीड़ित को उपचार के लिए चटकरी गांव से 30 किमी दूर बरकट्ठा सामुदायिक अस्पताल लाया गया। जहां डॉ. कार्तिक उरांव ने मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की। मरीजों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। उन्हें लगातार उलटी, दस्त व तेज बुखार की शिकायत है। डॉ. कार्तिक उरांव ने बताया कि यह समस्या कुएं का खुला पानी पीने से हुई है। वहीं इलाजरत लोगों के अलावा चटकरी में भी 5-6 लोग और बीमार है। यह गांव विधायक जानकी यादव व पूर्व विधायक अमित यादव का गृह क्षेत्र है। पीड़ितों में एक ही परिवार के 6 लोग हैं। इनमें 40 वर्षीय विरेंद्र यादव, उनकी पत्नी गिरीजा देवी, पुत्र प्रिंस, उनकी भाई की पत्नी सावित्री देवी, विवेक कुमार एवं रामबोल यादव शामिल है। पीड़ितों से चलकुशा की जिला परिषद सदस्य चंदन देवी ने मुलाकात की व इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी से बात की। ज्ञात हो कि चलकुशा प्रखंड में चिकित्सा की प्राथमिक सुविधा भी उपलब्ध नहीं है।