घर वापसी की गलत व्याख्या कर रहे हैं सेक्यूलर
संस, हजारीबाग : विश्व हिन्दू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. प्रवीण भाई तोगड़िया ने धर्मातंरण के
संस, हजारीबाग : विश्व हिन्दू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. प्रवीण भाई तोगड़िया ने धर्मातंरण के मुद्दे पर कानून बनाने की मांग की है। कहा कि विहिप के घर वापसी कार्यक्रम को तथाकथित सेक्यूलर लोग गलत व्याख्या कर रहे हैं। हिन्दू मजहब नहीं जीवन पद्वति है। हिन्दू आचरण करने या जीवन शैली व्यवहार में लाने से किसी का धर्म नहीं बदलता। उन्होंने गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश आदि राज्यों का व्यौरा देते हुए कहा कि इन राज्यों में कांग्रेस और भाजपा ने धर्मातरंण विरोधी कानून बनाया है। ये बातें तोगड़िया ने गुरुवार को रांची जाने के क्रम में हजारीबाग में विश्राम के दौरान कही। कहा कि देश में हिन्दू अस्मिता, सुरक्षा और संपत्ति के साथ साथ संस्कृति और धर्मस्थल खतरे में हैं। जब तक इस देश में अल्पसंख्यक वाद फिर से परिभाषित नहीं किया जाएगा। लोगों की मानसिकता नहीं बदलेगी तब तक इस देश का कल्याण नहीं हो सकता। विश्व हिन्दू परिषद हिन्दू जीवन पद्वति मानने वालों को संगठित करती है। तोगड़िया रांची में आयोजित एक समारोह में शामिल होने बिहार से झारखंड आए थे। इसी क्रम में विहिप जिलाध्यक्ष के घर में विश्राम के दौरान उन्होंने उक्त बातें कहीं। मौके पर जिलाध्यक्ष सच्चिदानंद प्रसाद, बजरंग दल के प्रदेश मंत्री विजय पांडेय, जिला संयोजक संजय चौबे, अमरदीप यादव, अनिल शर्मा, हिन्दू युवा संघ के पप्पू यादव, मधुसूदन सिंह, नवीन कुमार, अश्रि्वनी केसरी सहित बजरंग दल, विहिप, धर्म जागरण इकाई के कार्यकर्ता उपस्थित थे।