950 करोड़ की लागत से तैयार होगा हजारीबाग - बरकाकाना रेल रूट
अमित मिश्रा, हजारीबाग : हजारीबागवासियों के लिए रेल से जुड़ी खुशखबरी दोगुनी होने वाली है। 20 फरवरी को
अमित मिश्रा, हजारीबाग : हजारीबागवासियों के लिए रेल से जुड़ी खुशखबरी दोगुनी होने वाली है। 20 फरवरी को शुरू हुए हजारीबाग में ट्रेन की रफ्तार अब जल्द ही हजारीबाग टू कोडरमा के साथ-साथ हजारीबाग टू रांची वाया बरकाकाना भी होने जा रहा है। बस थोड़ा इंतजार कीजिए सिर्फ एक साल। इसके बाद हजारीबाग वासी दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई जैसे मेट्रो सिटी की सवारी अपने शहर से रेल में सफर कर पूरा कर सकेंगे।
हजारीबाग स्टेशन से बरकाकाना रेलवे रूट का निर्माण 950 करोड़ की लागत से जारी है। रूट निर्माण रेलवे पदाधिकारी अनिल प्रकाश ने बताया कि निर्माण प्रगति पर है। एक वर्ष के अंदर मार्च 2016 तक रेलवे रूट हजारीबाग से बरकाकाना तक बनकर तैयार हो जाएगा।
60 किमी की दूरी में 7 स्टेशन
हजारीबाग रेलवे स्टेशन से बरकाकाना तक हॉल्ट सहित कुल 7 स्टेशन पड़ेगे। हजारीबाग स्टेशन बेस, चरही, मांडू, कुजू, अरगड्डा और फिर बरकाकाना रेलवे स्टेशन। हजारीबाग स्टेशन के बाद 10 किमी पर बेस, फिर 26 किमी पर चरही, 31 किमी पर मांडू से लेकर 60 किमी पर बरकाकाना स्टेशन स्थित है।
हजारीबाग स्टेशन से बरकाकाना तक 100 पुल
हजारीबाग स्टेशन से बरकाकाना स्टेशन तक छोटे-बड़े कुल 100 पुल पड़ेगे। इनमें अकेले हजारीबाग से मांडू होल्ट तक 48 पुल होंगे। बड़े पुल की बात करें तो इस रेलवे रूट पर जब ट्रेन दौड़ने लगेगी तो 9 बड़े-बड़े पुल को पार कर स्टेशन तक पहुंचेगी।
बेस, अरगड्डा व कुजू तक बन चुका है रूट
हजारीबाग बरकाकाना रेलवे रूट की तरफ पड़ने वाले स्टेशनों में हजारीबाग स्टेशन से 10 किमी की दूरी पर स्थित बेस रेलवे स्टेशन तक रूट निर्माण हो चुका है। वहीं बरकाकाना टू हजारीबाग रेलवे रूट में पड़ने वाले अरगड्डा, कुजू तक रेलवे लाइन बन कर तैयार है। इस रूट पर माल वाहक रेल यानी मालगाड़ी चल रही है।
एक वर्ष में दौड़ेगी लंबी दूरी की ट्रेनें : यशवंत सिन्हा
हजारीबाग में रेल क्रांति को सच करने वाले पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने जागरण से बात करते हुए बुधवार को कहा कि एक वर्ष में लंबी दूरी की ट्रेनें दौड़ने लगेंगी। बीच में मांडू में पुल निर्माण को लेकर ठेकेदार के काम नहीं करने पर निर्माण रुक गया था। अब शीघ्र ही हजारीबाग-बरकाकाना रूट निर्माण होने से लंबी दूरी की ट्रेनें दौड़ने लगेगी। 3 टनल का भी निर्माण होना है जिसमें 1 का निर्माण हो चुका है। हजारीबाग में रेल का सपना होना मेरा जीवन सफल होने जैसा है।