अपराधी छवि के दो लोगों के शव मिले, सेंदरा की आशंका
पुलिस के अनुसार दोनों युवक की हत्या करने के बाद गांव के बीचो-बीच तालाब में दफना दिया गया तो गांव के लोगों को जरूर इसकी जानकारी होगी।
बिशुनपुर (गुमला) । बिशनपुर थाना क्षेत्र के चट्टी सेरका गांव से पिछले एक सप्ताह से लापता पंचम सिंह एवं उसके साथी युगल लोहरा का शव प्रखंड के गडा हडूप गांव से बरामद किया गया। दोनों अपराधी छवि के थे। इनमें से एक हत्या से लेकर लूट तक के मामलों में जेल जा चुका था। थाना प्रभारी मणिलाल राणा ने बताया कि दोनों युवक पिछले शुक्रवार को अपने गांव से हाडूप गांव सरहुल का त्यौहार मनाने गए हुए थे।जंहा से दोनों युवक वापस नही लौटे।
इधर घर वापस नही लौटने पर ग्रामीणों के साथ उनके परिजन लगातार दोनों को खोजने में लगे हुए थे। तभी गुरुवार की शाम गड्ढा हाडुप गांव के बीच मे एक सूखे हुए तालाब से पंचम सिंह का शव गड़ा हुआ दिखा। दूसरे युवक युगल लोहरा का शव शुक्रवार की सुबह एक नाला में पाया गया जिसे छिपाकर रखा गया था। कपड़ों के आधार पर युगल लोहरा के रुप में उसकी पहचान की गई। दोनों युवकों की हत्या करने के बाद शव को छुपाने के उद्देश्य से मिट्टी में दफनाने का प्रयास किया गया था।
इधर घटनास्थल से दोनों युवकों का शव को लेकर शुक्रवार को बिशुनपुर लाया गया जंहा से पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सेंदरा की अशंका:
बिशनपुर प्रखंड के चट्टी सेरका गांव से लापता पंचम सिंह एवं उसके साथी युगल लोहरा का शव बरामद होने के बाद यह चर्चा जोरों पर है कि सरहुल पर्व के दौरान हाडूप गांव के लोगों ने दोनों युवकों का सामूहिक रूप से सेंदरा कर दिया। दोनों युवकों की आपराधिक छवि के कारण ग्रामीणों ने यह कार्रवाई की। हत्या करने के बाद गांव के बीचो-बीच सूखे तालाब में पंचम सिंह को गड्ढा खोदकर शव को छिपाने की कोशिश की गई थी जबकि दूसरे युवक युगल लोहरा का शव को सामने के नाला में मिट्टी से ढककर रखा गया था।
पुलिस के अनुसार दोनों युवक की हत्या करने के बाद गांव के बीचो-बीच तालाब में दफना दिया गया तो गांव के लोगों को जरूर इसकी जानकारी होगी। फिलहाल गांव के सभी लोग इस घटना की जानकारी से इनकार कर रहे हैं। इसी बीच, प्रखंड विकास पदाधिकारी उदय कुमार सिन्हा ने दोनों के परिजनों को पारिवारिक लाभ के साथ तत्काल पांच पांच हजार नगद दिए हैं।
यह भी पढ़ें: झारखंड के गढ़वा में बालू पर बवाल, चार की हत्या; कई वाहन फूंके
यह भी पढ़ें: बच्चा चोरी की अफवाह में सात को पीट-पीट कर मार डाला, तनाव