रिश्वत लेते धराए हल्का कर्मचारी
सिसई : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने सिसई अंचल कार्यालय के हल्का कर्मचारी रविद्र कुमार झा को ग
सिसई : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने सिसई अंचल कार्यालय के हल्का कर्मचारी रविद्र कुमार झा को गुरुवार को एक व्यक्ति से रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार रविन्द्र झा बरटोली गांव के सीमेंट विक्रेता भरत महतो से जमीन की दाखिल खारिज करने के नाम पर एक हजार रुपया रिश्वत ले रहे थे। शिकायतकर्ता भरत महतो ने बताया कि वे कई बार अपनी जमीन की दाखिल खारिज के लिए रविन्द्र कुमार झा से अनुरोध किया था, लेकिन उनके द्वारा पांच हजार रुपया रिश्वत देने पर ही दाखिल खारिज करने की बात कही जा रही थी। बताया कि वह चार हजार रुपया रिश्वत दे चुका था लेकिन एक हजार नहीं देने के कारण दाखिल खारिज नहीं हो रहा था। इसके बाद उन्होंने रांची में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पास इसकी शिकायत की। वहीं शिकायत मिलने के बाद ब्यूरों के अधिकारियों द्वारा मामले की पड़ताल की गई एवं मामला सही पाए जाने के बाद डीएसपी बंधन बाखला के नेतृत्व में 16 सदस्यीय टीम गोपनीय तरीके से प्रखंड कार्यालय पहुंची एवं भरत को केमिकल लगा रकम रिश्वत में देने के लिए दिया। जैसे ही रविन्द्र झा ने भरत से रिश्वत की रकम ली वैसे ही भ्रष्टाचार निरोधक टीम ने उन्हें धर दबोचा। इसके बाद रविन्द्र झा का हाथ पानी से धुलाया गया तो पानी का रंग लाल हो गया। इसके बाद टीम उन्हें लेकर उनके आवास पर पहुंची एवं वहां भी तलाशी थी। घर पर रखा 19 हजार रुपया रकम व कुछ दस्तावेज बरामद किए गए। इसके बाद टीम के अधिकारी रविन्द्र झा को अपने साथ लेकर रांची चले गए। उधर रविन्द्र झा की इस तरह हुई गिरफ्तारी से प्रखंड व अंचल कार्यालय में हड़कंप मंच गयी। ज्ञात है इससे पूर्व 22 मार्च को भी भ्रष्टाचार निरोधक टीम ने बिजली विभाग के सहायक अभियंता अभय मोहन सहाय व कर्मचारी दिलीप कुमार को एक व्यक्ति से रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।