दो वाहनों की टक्कर में दो बारती की मौत, पांच घायल
गुमला : गुमला थाना क्षेत्र के एनएच 23 पर चाइरअम्बा मोड़ खोरा के समीप शनिवार की अलसुबह एक सड़क दुर्घटना
गुमला : गुमला थाना क्षेत्र के एनएच 23 पर चाइरअम्बा मोड़ खोरा के समीप शनिवार की अलसुबह एक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। मरने वालों में बिशुनपुर के महुआटोली निवासी 30 वर्षीय महावीर उरांव और चम्पाटोली निवासी 30 वर्षीय सूरजा उरांव के नाम शामिल हैं। जबकि, रांची मोरहाबादी के मंगलेश्वर उरांव, अमरेश उरांव, संतोष उरांव, ईश्वर उरांव और रूपेन देवी घायल हैं। सभी घायलों का इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार शिक्षाविद् डॉ. करमा उरांव के बेटे की बरात शनिवार की सुबह टाटा मैजिक वाहन से रांची के मोरहाबादी से गुमला के बसुआ गांव आ रही थी। इसी क्रम में खोरा के चाइरअम्बा मोड़ के समीप एक टेलर से टक्कर हो गई। घटना के बाद टेलर चालक वाहन लेकर भागने में सफल रहा, जबकि स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। जहां चिकित्सक ने महावीर उरांव और सूरजा उरांव को मृत घोषित कर दिया। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती मरीजों को देखने के लिए डॉ. करमा उरांव, राज्यपाल के पूर्व सलाहकार प्रकाश चंद्र उरांव, पूर्व विधायक कमलेश उरांव, दीप नारायण उरांव, सागर उरांव, लालदेव भगत सुनील उरांव आदि पहुंचे थे।